झारखंड कृषि व्यापार मेला कृषि क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक पहल : शिल्पी नेहा तिर्की
यह मेला केवल किसानों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि कृषि उद्यमियों, शोधकर्ताओं, व्यापारियों एवं कृषि क्षेत्र से जुड़े सभी हितधारकों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।
झारखंड सरकार की कृषि, पशुपालन व सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि झारखंड में पहली बार आयोजित होने जा रहा यह तीन दिवसीय राज्यस्तरीय झारखंड कृषि व्यापार मेला (16, 17 एवं 18 जून) प्रदेश के कृषि क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक पहल है। मेले का उद्घाटन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह मेला केवल किसानों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि कृषि उद्यमियों, शोधकर्ताओं, व्यापारियों एवं कृषि क्षेत्र से जुड़े सभी हितधारकों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।
मेले में देश के विभिन्न राज्यों से आए कृषि वैज्ञानिक, विशेषज्ञ एवं शोधकर्ता आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत उपकरणों तथा नवाचारों का प्रदर्शन करेंगे। किसानों को बेहतर उत्पादन, फसल प्रबंधन, आधुनिक खेती की पद्धतियों तथा कृषि आधारित रोजगार के नए अवसरों पर भी विस्तृत मार्गदर्शन प्राप्त होगा।
यह कृषि मेला झारखंड के किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने, कृषि को अधिक लाभकारी बनाने तथा कृषि क्षेत्र में निवेश और उद्यमिता को नई गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0











