धनबाद में भी CID की रेड, कई ठिकानों समेत कोचिंग सेंटर्स पर छापा, मचा हड़कंप

Aug 3, 2026 - 17:24
धनबाद में भी CID की रेड, कई ठिकानों समेत कोचिंग सेंटर्स पर छापा, मचा हड़कंप

DHANBAD : झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की परीक्षाओं में हुई धांधली और OMR शीट हेराफेरी की जांच कर रही सीआईडी (CID) की टीम ने सोमवार को धनबाद जिले में भी बड़ी कार्रवाई की है. CID ने सरायढेला थाना क्षेत्र समेत शहर के कई संदिग्ध स्थानों पर एक साथ छापेमारी अभियान चलाया.

कोचिंग संचालकों और संदिग्धों के ठिकानों पर दबिश

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, सीआईडी की नजर JPSC परीक्षा में सेटिंग कराने वाले बिचौलियों और कोचिंग सिंडिकेट पर है. जांच एजेंसी की टीम ने सरायढेला और आसपास के इलाकों में संचालित प्रमुख प्रतियोगी कोचिंग संस्थानों के संचालकों के आवास और दफ्तरों पर रेड मारी है. 

छापेमारी के दौरान सीआईडी की टीम परीक्षा से जुड़े संदिग्ध दस्तावेजों, पैसे लेन-देन के रिकॉर्ड और मोबाइल डेटा की तलाश में जुटी रही. इसके अलावा संबंधित लोगों से बंद कमरे में कड़ाई से पूछताछ की जा रही है.

शहर में चर्चा का बाजार गर्म

हालांकि, इस छापेमारी और जब्ती के संबंध में जांच अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया गया है. लेकिन राज्यव्यापी 20 से अधिक ठिकानों पर चल रही कार्रवाई के बीच धनबाद में हुई इस छापेमारी की खबर से प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कराने वाले संस्थानों और बिचौलियों के बीच हड़कंप मच गया है. 

छापेमारी की खबर फैलते ही शहर में चर्चा का माहौल बन गया. सभी लोग सीआईडी द्वारा आगे के खुलासे का इंतजार कर रहे हैं. दूसरी तरफ पूर्व चेयरमैन एल ख्यांग्ते से भी लगातार पूछताछ जारी है. अब तक इस मामले में 11 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है और कई लोगों की गिरफ्तारी के लिए लगातार तलाशी अभियान जारी है.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0