JPSC Protest : 'धरना में युवा कम, बाहर से आए लोग ज्यादा', मंत्री इरफान अंसारी का बयान, कहा : झारखंड में नहीं हुआ कोई पेपर लीक

Aug 6, 2026 - 18:14
JPSC Protest : 'धरना में युवा कम, बाहर से आए लोग ज्यादा', मंत्री इरफान अंसारी का बयान, कहा : झारखंड में नहीं हुआ कोई पेपर लीक

RANCHI : जेपीएससी सिविल सेवा पीटी परीक्षा में कथित गड़बड़ी को लेकर छात्रों द्वारा जारी आंदोलन पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा है कि झारखंड में पेपर लीक नहीं हुआ है बल्कि इसमें त्रुटियां पाई गई हैं. इस पर एक्शन हो रहा है और सरकार इस मामले को लेकर गंभीर है. वहीं ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने कहा है कि आंदोलनरत छात्रों के साथ आज वार्ता होगी और समाधान का रास्ता निकाला जाएगा.

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि धरना में स्थानीय छात्र कम हैं और दिल्ली से आए लोग ज्यादा हैं. इस मामले में कार्रवाई चल रही है. अध्यक्ष का इस्तीफा ले लिया गया है और 12 लोग जेल भेजे जा चुके हैं. सरकार इस मामले में गंभीरता से काम कर रही है. जो लोग इसमें शामिल हैं, उन तक पहुंचेंगे और उन पर कठोर से कठोर कार्रवाई होगी.

भाजपा ने की है जेपीएससी घोटाले की शुरुआत- मंत्री इरफान अंसारी

मंत्री इरफान अंसारी ने नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी पर हमला बोलते हुए कहा कि धरना स्थल पर उनके जाने के बाद वे सदमे में आ गए, क्योंकि जेपीएससी घोटाले की शुरुआत अगर किसी ने की है तो वह भाजपा ने की है.

उन्होंने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष दिलीप प्रसाद की नियुक्ति किसने की थी? वह बाबूलाल मरांडी ने की थी. उसके बाद से जेपीएससी की परीक्षाओं में घोटाले पर घोटाले हो रहे हैं. आज हेमंत सोरेन के परिवार का कोई भी व्यक्ति इसमें शामिल नहीं है, लेकिन बाबूलाल मरांडी का कोई न कोई जेपीएससी में जरूर है. सुदेश महतो के भी लोग हैं. उन्होंने कहा कि बाबूलाल मरांडी ने जो बीज बोया है, उसका साइड इफेक्ट अभी भी है. इसे हम दूर करने का काम कर रहे हैं.

उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक मामले में हम इस्तीफा से मानने वाले नहीं हैं. इस परीक्षा में लाखों-लाख छात्रों का भविष्य लगा रहता है, जबकि जेपीएससी में 200 से 300 विद्यार्थियों का भविष्य है. ऐसे में हम चुप बैठने वाले नहीं हैं. उन्होंने कहा कि बेवजह झारखंड के छात्रों के धरने को आंदोलन का रूप दिया जा रहा है. इसके लिए हम लोग गंभीर हैं और युवाओं से बात कर रहे हैं.

उन्होंने कहा कि हमने सुना था कि रामायण में हनुमान जी कलेजा चीरते हैं, मगर पहली बार हमारे राम ने युवाओं के लिए कलेजा चीरा है और छात्रों के साथ हैं.

छात्रों से बात कर निकाला जाएगा समाधान - मंत्री दीपिका पांडेय सिंह

वहीं मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने कहा कि इस मामले में छात्रों की जो मांगें हैं, उन पर सरकार विचार करेगी. हम लोगों को देर रात इस संबंध में सरकार की ओर से जिम्मेदारी दी गई है. इसके बाद आज छात्रों के साथ बातचीत होगी. हमें उम्मीद है कि कोई न कोई समाधान का रास्ता निकल जाएगा.

छात्रों द्वारा सीबीआई जांच की मांग किए जाने के सवाल पर दीपिका पांडे सिंह ने कहा कि सरकार द्वारा जांच पूरी मुस्तैदी के साथ की जा रही है और अब तक जो जानकारियां मिली हैं, उनमें पेपर लीक की बात नहीं है, बल्कि जो निजी एजेंसी को परीक्षा आयोजित करने की जिम्मेदारी दी गई थी, उसमें कुछ त्रुटियां होने की बात आई है. इस पर जांच चल रही है.

उन्होंने कहा कि जांच पूरा होने के बाद पता चलेगा कि क्या गड़बड़ी हुई है, लेकिन सरकार का साफ मानना है कि थोड़ी भी कहीं चूक हुई होगी तो उस पर कार्रवाई हो और छात्रों के भविष्य के साथ कोई खिलवाड़ न हो. उन्होंने कहा कि एक बार पहले छात्रों से बात हो जाए कि आखिर वे क्या चाहते हैं, उसके बाद सकारात्मक पहल की जाएगी.

'भाजपा द्वारा सीबीआई जांच की मांग हास्यास्पद'

विपक्ष पर पलटवार करते हुए दीपिका पांडे सिंह ने कहा कि इससे पहले भी जेपीएससी मामले में सीबीआई जांच हुई है, उसका क्या फलाफल हुआ है, वह सामने है. आज केंद्र में भी भाजपा की सरकार है. इसके बावजूद अब तक कुछ परिणाम सामने नहीं आए हैं. ऐसे में विपक्ष द्वारा यह मांग किया जाना हास्यास्पद है.

उन्होंने कहा कि जो गड़बड़ी करने वाले लोग हैं, वे सुपर इंटेलिजेंट होते हैं. यह हम लोगों के लिए भी समझने की बात है कि कैसे वे इस तरह की गड़बड़ी करते हैं. जो लोग इस तरह के काम करते हैं, वे हाई लेवल क्रिमिनल हैं और इनका इंटेलिजेंस भी काफी तेज होता है. जांच पूरी होने के बाद इसमें दोषी पाए जाने वाले लोगों को सजा भी मिलेगी और इससे बचने के लिए क्या कदम उठाए जाएं, वह भी सरकार करेगी.

उन्होंने कहा कि भाजपा को छात्रों के मामले में बोलने का कोई अधिकार नहीं है, क्योंकि जिस तरह से पिछले दिनों जंतर मंतर पर छात्रों के साथ उन्होंने बर्ताव किया है, वह पूरा देश ने देखा है. इस बहाने वे झारखंड में जो पेपर का मैनिपुलेशन हुआ है, उसमें राजनीति ढूंढ रहे हैं. मगर इतना तो साफ है कि इस राज्य में भाजपा यानी विपक्ष सबसे कमजोर है.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0