यूजीसी-नेट में मगध विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों का शानदार प्रदर्शन, दो ने जेआरएफ किया क्वालीफाई
गयाजी/बोधगया। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित यूजीसी-नेट परीक्षा में मगध विश्वविद्यालय, बोधगया के विभिन्न स्नातकोत्तर विभागों के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। कई विद्यार्थियों ने नेट परीक्षा उत्तीर्ण कर असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए अर्हता हासिल की है। विद्यार्थियों की इस सफलता से उनके परिवार के साथ-साथ विश्वविद्यालय में भी खुशी का माहौल है।
भूगोल विभाग के गौरव कुमार और मानसी पुष्कर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जेआरएफ (JRF) क्वालीफाई किया है। वहीं, अर्थशास्त्र विभाग की अदिति राज ने लगातार छठी बार नेट परीक्षा उत्तीर्ण कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। इसी विभाग के रवि रंजन कुमार ने भी नेट परीक्षा में सफलता प्राप्त की है।
हिंदी विभाग के विद्यार्थियों ने भी बेहतर प्रदर्शन किया। विभाग से दीपक कुमार शर्मा, राजीव रंजन, रीना कुमारी, साकेत बिहारी, वीरेंद्र कुमार, शुभा कुमारी, मृणालिनी कुमारी, सोमा कुमारी, महिमा कुमारी और स्वीटी कुमारी ने नेट परीक्षा उत्तीर्ण की है।
इसके अलावा भूगोल विभाग से बिरेन्द्र कुमार, बिकू कुमार, विक्रम कुमार और मुस्कान खातून, राजनीति विज्ञान विभाग से छोटू प्रसाद यादव तथा शिक्षा शास्त्र विभाग से प्रभात कुमार ने भी सफलता हासिल की है।
कुलपति और कुलसचिव ने दी बधाई
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर कुलपति प्रो. दिलीप कुमार केसरी ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि किसी भी विश्वविद्यालय की पहचान उसके विद्यार्थियों की अकादमिक उपलब्धियों से होती है। यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और विश्वविद्यालय के सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण का परिणाम है।
वहीं, कुलसचिव प्रो. विनोद कुमार मंगलम ने भी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए इसे विश्वविद्यालय परिवार के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विभिन्न विभागों के शिक्षकों ने भी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए अन्य विद्यार्थियों से उनसे प्रेरणा लेकर अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने की अपील की।