काठमांडू के त्रिभुवन मेडिकल कॉलेज के बाहर मची चीख-पुकार, पोस्टरों में अपनों को तलाश रहे लोग

Aug 28, 2026 - 17:06
काठमांडू के त्रिभुवन मेडिकल कॉलेज के बाहर मची चीख-पुकार, पोस्टरों में अपनों को तलाश रहे लोग

Nepal Flood : काठमांडू स्थित त्रिभुवन यूनिवर्सिटी टीचिंग मेडिकल कॉलेज के बाहर का नजारा देखकर किसी का भी कलेजा कांप उठे. शुक्रवार की सुबह से ही अस्पताल परिसर के बाहर सैकड़ों बेबस और हताश लोगों का जमावड़ा लगा हुआ है, जो अपनों की एक खबर पाने के लिए दर-दर भटक रहे हैं.

दीवारों पर टंगी तस्वीरें बनीं एकमात्र उम्मीद

अस्पताल प्रशासन द्वारा परिसर की बाहरी दीवारों पर मृतकों और घायलों की तस्वीरों के पोस्टर लगाये गये हैं. सुबह से ही लोग इन दीवारों के पास अनहोनी की आशंका लिए पोस्टरों को निहारते नजर आ रहे हैं. कोई दीवार पर लगी किसी तस्वीर को देखकर अचानक फफक कर रो पड़ता है, तो कोई धुंधली तस्वीर में अपने भाई, पिता या बच्चे की पहचान करने की कोशिश कर रहा है.

परिसर के बाहर सन्नाटा और अपनों का इंतजार

अस्पताल के मुख्य द्वार के बाहर खड़े लोगों की आंखें पथरा चुकी हैं. अंदर रखे शवों की शिनाख्त के लिए परिजनों को सीमित संख्या में भेजा जा रहा है, जिससे बाहर खड़े लोगों की बेचैनी हर बीतते मिनट के साथ बढ़ती जा रही है. कई परिवार बीते 24 घंटे से बिना खाए-पीए इसी उम्मीद में गेट के बाहर डटे हैं कि शायद कोई चमत्कार हो जाए और उनका अपना सुरक्षित मिल जाये. 

आपदा के व्यापक प्रभाव और शवों की स्थिति के कारण शिनाख्त कर पाना प्रशासन के लिए भी बड़ी चुनौती बनी हुआ है. अस्पताल प्रशासन डिजिटल फोटो और कागजी सूचियों के जरिए पहचान प्रक्रिया को गति देने की कोशिश कर रहा है. लेकिन परिजनों की बढ़ती संख्या के आगे व्यवस्था छोटी पड़ती दिख रही है.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0