शराब के खिलाफ छापेमारी करने गई उत्पाद पुलिस टीम पर हमला, महिला दारोगा समेत 2 घायल; कई जवान चोटिल

Sep 17, 2026 - 09:31
शराब के खिलाफ छापेमारी करने गई उत्पाद पुलिस टीम पर हमला, महिला दारोगा समेत 2 घायल; कई जवान चोटिल

खगड़िया: महेशखूंट थाना क्षेत्र के राजधाम गांव में बुधवार रात शराब के खिलाफ छापेमारी करने गई मद्य निषेध विभाग की पुलिस टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ ग्रामीणों ने पुलिस टीम को घेर लिया और लाठी-डंडे से हमला कर दिया। घटना में उत्पाद पुलिस की एक महिला दारोगा समेत दो लोग घायल हुए हैं, जबकि कई पुलिसकर्मियों के चोटिल होने की बात सामने आई है।

घायलों को इलाज के लिए गोगरी अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया, जहां उनका उपचार कराया गया। घायल दारोगा विष्णु प्रिया के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि राजधाम गांव में एक राजमिस्त्री के घर शराब तस्करी के लिए शराब रखी गई है। सूचना के आधार पर उत्पाद पुलिस की टीम वहां पहुंची और घर की तलाशी लेने का प्रयास किया।

दारोगा के मुताबिक, तलाशी का घरवालों ने विरोध किया और पुलिस टीम के साथ गाली-गलौज के बाद मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान पुलिस टीम पर हमला किया गया, जिसमें वह घायल हो गईं।

वहीं, दूसरी ओर गृहस्वामी के परिवार ने पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उषा देवी, जो गृहस्वामी की पत्नी हैं, का आरोप है कि छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने उनकी बेटी मुस्कान कुमारी के साथ मारपीट की, जिससे वह घायल हो गई। परिवार का कहना है कि उत्पाद पुलिस इससे पहले भी उनके घर पर तीन बार छापेमारी कर चुकी है, लेकिन कथित तौर पर कुछ बरामद नहीं हुआ।

फिलहाल घटना को लेकर दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। पुलिस टीम पर हमले और छापेमारी के दौरान हुई कथित मारपीट के पूरे मामले में पुलिस की कार्रवाई का इंतजार है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0