राबड़ी देवी ने सरकारी आवास खाली करने से पहले मांगी सामानों की पूरी लिस्ट, बोलीं- भविष्य में न हो कोई विवाद

Jun 27, 2026 - 16:53
राबड़ी देवी ने सरकारी आवास खाली करने से पहले मांगी सामानों की पूरी लिस्ट, बोलीं- भविष्य में न हो कोई विवाद

PATNA : बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के सहायक ने भवन निर्माण विभाग को पत्र लिखा है। पत्र के जरिए उन्होंने 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास का चार्ज रजिस्टर और विभाग की ओर से उपलब्ध कराए गए सभी सामानों की लिस्ट मांगी है।

पत्र में कहा गया है कि आवास खाली करते समय सरकारी सामानों का सही मिलान हो सके और किसी तरह का विवाद या भ्रम की स्थिति न बने। इसलिए विभाग सामानों की पूरी लिस्ट दें। जानकारी के अनुसार, राबड़ी देवी की ओर से यह सूची इसलिए मांगी गई है ताकि भविष्य में उन पर यह आरोप न लगे कि आवास खाली करते समय सरकारी सामान भी अपने साथ ले जाया गया।

10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास को खाली करने के लिए राबड़ी देवी को चौथा नोटिस भेजा गया है। इस नोटिस के जरिए राबड़ी परिवार को 29 जून तक का अल्टीमेटम दिया गया है। लेटर में यह भी कहा गया है कि 39, हार्डिंग रोड स्थित नए सरकारी आवास में निर्माण कार्य पूरा होने की आधिकारिक सूचना अब तक प्राप्त नहीं हुई है। इसके बावजूद विभाग को सूचित किया गया है कि 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास जल्द खाली कर दिया जाएगा।

10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास 29 जून तक खाली किया जाना है। इसी कारण शिफ्टिंग की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। आवास के अंदर और बाहर लगे CCTV कैमरे हटा दिए गए। वहीं, सामान पैक करने का काम भी लगातार जारी है।

बता दें लालू परिवार को अलॉट 39, हार्डिंग रोड स्थित नए सरकारी आवास में काम तेजी से कराया जा रहा है। हालांकि, परिवार कब नए आवास में शिफ्ट होगा, इस पर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।

राबड़ी देवी के 39, हार्डिंग रोड स्थित नए सरकारी आवास में इन दिनों तेजी से पेंटिंग का काम चल रहा है। इस नए आवास का रंग लालू परिवार की शिफ्टिंग से पहले पूरी तरह बदल दिया गया है। पहले भगवा रंग में नजर आने वाला यह बंगला अब हरे रंग में रंगा दिखाई दे रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0