सावन की पहली सोमवारी पर रांची पुलिस अलर्ट, 500 अतिरिक्त जवान तैनात, कावर पथ पर होगी विशेष चौकसी
RANCHI : सावन की पहली सोमवारी को लेकर रांची पुलिस विशेष अलर्ट पर है. लाखों श्रद्धालुओं के पहाड़ी मंदिर और अन्य प्रमुख शिवालयों में पहुंचने की संभावना को देखते हुए रांची पुलिस और जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन की तैयारी की है. खासकर कावर पथ पर विशेष नजर रखी जा रही है.
500 जवानों की तैनाती
रांची सीनियर एसपी राकेश रंजन ने बताया कि शहर में करीब 500 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की जा रही है, जबकि डीएसपी से लेकर थाना स्तर तक के अधिकारी सुबह से ही सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे. सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए रांची के पुलिस अफसर सभी महत्वपूर्ण शिव मंदिरों का निरीक्षण भी कर चुके हैं.
वरीय अधिकारियों के द्वारा भी पहाड़ी मंदिर समेत प्रमुख शिवालयों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए है. सीनियर एसपी ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और भीड़ प्रबंधन को बेहद मजबूत किया जा रहा है.
स्वर्णरेखा घाट से पहाड़ी मंदिर तक रहेगा सुरक्षा कवच
श्रावण मास की पहली सोमवारी पर बड़ी संख्या में कांवरियों और श्रद्धालुओं के नामकुम स्थित स्वर्णरेखा नदी से जल लेकर पहाड़ी मंदिर पहुंचने की परंपरा को देखते हुए पूरे मार्ग पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है. प्रमुख चौक-चौराहों, संवेदनशील स्थानों और मंदिर परिसर के आसपास पुलिस बल तैनात रहेंगे. बाइक पेट्रोलिंग टीमों को लगातार गश्त करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है.
सीसीटीवी और कंट्रोल रूम से हर गतिविधि पर नजर
शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी की जाएगी. इसके लिए अलग से पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है. अधिकारियों का मानना है कि पहली सोमवारी होने के कारण सामान्य दिनों की तुलना में कहीं अधिक भीड़ उमड़ेगी. ऐसे में मंदिर परिसर में भीड़ का दबाव नियंत्रित रखने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा ताकि भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न न हो.
सादे लिबास में रहेंगे महिला-पुरुष पुलिसकर्मी
श्रद्धालुओं की भीड़ का फायदा उठाकर सक्रिय होने वाले पॉकेटमारों, चेन स्नैचरों और मोबाइल चोरों पर नजर रखने के लिए पुलिस की विशेष रणनीति बनाई गई है. प्रमुख मंदिरों में महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों को सादे लिबास में तैनात किया जाएगा.
ये पुलिसकर्मी भीड़ में रहकर संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर नजर रखेंगे और जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई करेंगे. जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं से अपील की है कि वे मंदिर में जलाभिषेक के दौरान भारी गहने पहनकर न आएं तथा मोबाइल और अन्य कीमती सामान घर पर ही छोड़ने का प्रयास करें.
पहाड़ी मंदिर के आसपास बदलेगा ट्रैफिक प्लान
श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए पहाड़ी मंदिर के आसपास विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी. रविवार रात 12 बजे के बाद से हरमू रोड और रातू रोड से भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा. हरमू रोड के एक हिस्से और रातू रोड के मीनाक्षी सिनेमा गली से आगे तक यातायात में बदलाव किया जाएगा. भीड़ कम होने तक यह व्यवस्था लागू रहेगी. ट्रैफिक प्रबंधन के लिए करीब 20 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की गई है.
पुलिस मुख्यालय जारी कर चुका है अलर्ट
सावन की पहली सोमवारी पर राज्यभर के शिवालयों में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए झारखंड पुलिस मुख्यालय ने भी सभी जिलों के लिए हाई अलर्ट जारी किया है. पुलिस मुख्यालय ने सभी पुलिस अधीक्षकों (एसपी) को निर्देश दिया है कि प्रमुख मंदिरों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए तथा सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाए. निर्देश के अनुसार, पुलिस मुख्यालय ने भीड़ प्रबंधन, ट्रैफिक नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सुरक्षा योजना लागू करने का निर्देश दिया है.
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0











