रांची में जल्द दौड़ेंगी छोटी इलेक्ट्रिक बसें, जर्जर सिटी बसों की जगह मिलेगी आधुनिक सुविधा

Jul 15, 2026 - 18:05
रांची में जल्द दौड़ेंगी छोटी इलेक्ट्रिक बसें, जर्जर सिटी बसों की जगह मिलेगी आधुनिक सुविधा

RANCHI : राजधानी रांची की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में जल्द बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. शहर की सड़कों की चौड़ाई, संकरे मार्ग और व्यस्त टर्निंग प्वाइंट को ध्यान में रखते हुए रांची नगर निगम और नगर विकास विभाग ने छोटी इलेक्ट्रिक बसों के परिचालन की दिशा में तैयारी शुरू कर दी है. 

दोनों विभाग के बीच हुई मंथन बैठक में इस प्रस्ताव पर सहमति बनी है. योजना का उद्देश्य शहर में यातायात को सुगम बनाना, प्रदूषण कम करना और लोगों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराना है. नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने बताया कि रांची के कई मुख्य और संपर्क सड़कों पर बड़ी बसों के संचालन में परेशानी आती है. 

कई स्थानों पर सड़कें संकरी हैं और मोड़ छोटे होने के कारण ट्रैफिक जाम की स्थिति बन जाती है. ऐसे में छोटी इलेक्ट्रिक बसें इन मार्गों पर आसानी से संचालित हो सकेंगी. उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों के परिचालन से वायु और ध्वनि प्रदूषण में कमी आएगी. साथ ही यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और किफायती यात्रा का विकल्प मिलेगा.

निगम में ढाई दर्जन सिटी बसों का हो रहा है संचालन

वर्तमान में रांची नगर निगम करीब ढाई दर्जन सिटी बसों का संचालन कर रहा है. हालांकि इनमें से कई बसें काफी पुरानी और जर्जर हो चुकी हैं. बसों के रखरखाव को लेकर लगातार शिकायतें सामने आती रही हैं. कई बसों में तकनीकी खराबी, सीटों की जर्जर स्थिति, साफ-सफाई की कमी और बीच रास्ते में खराब हो जाने जैसी समस्याओं से यात्रियों को रोजाना जूझना पड़ता है. बढ़ती आबादी और शहर के विस्तार को देखते हुए मौजूदा बसों की संख्या भी पर्याप्त नहीं मानी जा रही है.

बसों की मांग को ध्यान में रखते हुए नगर विकास विभाग ने रांची नगर निगम को छोटी इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की दिशा में आगे बढ़ने का निर्देश दिया है. फिलहाल बसों के संभावित रूट, चार्जिंग स्टेशन की व्यवस्था, डिपो और टेंडर प्रक्रिया को अंतिम रूप देने की तैयारी चल रही है. शहर की जरूरत के अनुसार ऐसे रूट चिन्हित किए जा रहे हैं, जहां बड़ी बसों का संचालन कठिन है, लेकिन छोटी ई-बसें आसानी से चल सकेंगी.

सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था होगी मजबूत

नगर निगम का मानना है कि नई इलेक्ट्रिक बसों के शामिल होने से न केवल सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि जर्जर सिटी बसों पर निर्भरता भी कम होगी. इससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी, ट्रैफिक का दबाव घटेगा और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित होगा. आने वाले समय में रांची की सड़कों पर आधुनिक, प्रदूषण मुक्त और सुविधाजनक इलेक्ट्रिक बसें लोगों के सफर को अधिक आसान और सुरक्षित बनाएंगी.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0