परिचय सह सम्मान समारोह एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक संपन्न
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष गोपाल प्रसाद सोनी ने कहा कि समाज की एकता, संगठन की मजबूती तथा स्वर्णकार समाज के उत्थान के उद्देश्य से आयोजित यह कार्यक्रम ऐतिहासिक एवं यादगार होगा।
अखिल भारतीय स्वर्णकार समाज एवं ज्वेलर्स एसोसिएशन (ABSSJA), झारखंड प्रदेश की समीक्षा बैठक रविवार को होटल ब्लू शिवालिक में आयोजित की गई। बैठक में आगामी *"परिचय सह सम्मान समारोह एवं शपथ ग्रहण"* कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विभिन्न पदाधिकारियों एवं सदस्यों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष गोपाल प्रसाद सोनी ने कहा कि समाज की एकता, संगठन की मजबूती तथा स्वर्णकार समाज के उत्थान के उद्देश्य से आयोजित यह कार्यक्रम ऐतिहासिक एवं यादगार होगा। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथिगण 13 जून को रांची पहुंचेंगे। मुख्य कार्यक्रम 14 जून को होटल ब्लू शिवालिक, रेलवे स्टेशन के समीप, रांची में आयोजित होगा। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्वाह्न 10 बजे किया जाएगा, दीप प्रज्वल एवं बंदे मातरम से होगा,जबकि दोपहर 2 बजे सामूहिक भोजन का आयोजन होगा। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गान से शाम 5 बजे तक किया जाएगा।
महामंत्री एवं पदाधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों एवं विशिष्ट अतिथियों को मोमेंटो एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया जाएगा। वहीं कार्यक्रम में शामिल सभी प्रतिभागियों को संगठन की ओर से पंजीयन करते हुए परिचय पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।
कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए होर्डिंग एवं बैनर लगाने की जिम्मेदारी रमेश बाली, सुनील पोद्दार एवं प्रदेश अध्यक्ष गोपाल प्रसाद सोनी को सौंपी गई है। वहीं कार्यक्रम स्थल की संपूर्ण व्यवस्था एवं संचालन की जिम्मेदारी महानगर अध्यक्ष पंकज सोनी,मनोज सोनी एवं त्रिभुवन प्रसाद को दी गई है।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि संगठन द्वारा 11 जून को प्रेस वार्ता आयोजित कर 14 जून को होने वाले मुख्य कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी मीडिया के माध्यम से आमजन तक पहुंचाई जाएगी। संगठन के प्रदेश मीडिया प्रभारी सुनील पोद्दार को कार्यक्रम से संबंधित सभी मीडिया एवं प्रेस समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि संगठन के सामूहिक प्रयासों से यह कार्यक्रम स्वर्णकार समाज के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।
समीक्षा बैठक में प्रदेश अध्यक्ष गोपाल प्रसाद सोनी, प्रदेश महामंत्री विनोद वर्मा,कोषाध्यक्ष शंभू प्रसाद,रमेश बाली महानगर अध्यक्ष पंकज प्रसाद,त्रिभुवन प्रसाद,मनोज सोनी, राजेश सोनी, अजय प्रसाद पिंटू, दिनेश प्रसाद, रविन्द्र नाथ साहू, गोपाल प्रसाद एवं प्रदेश मीडिया प्रभारी झारखंड सुनील पोद्दार सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।
बैठक के अंत में अजय प्रसाद पिंटू ने धन्यवाद ज्ञापन किया तथा कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी से सहयोग की अपील करते हुए बैठक समाप्ति की घोषणा की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0











