RR VS GT : जयपुर में राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस आज आमने-सामने, जानिए कैसा रहेगा पिच का मिजाज
अगर दोनों टीमों के हेड-टू-हेड रिकॉर्ड पर नजर डालें तो आंकड़े गुजरात टाइटंस के पक्ष में दिखाई देते हैं। आईपीएल इतिहास में दोनों टीमों के बीच अब तक 9 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें गुजरात ने 6 मैच जीते हैं, जबकि राजस्थान को 3 मुकाबलों में जीत मिली है।
SPORTS DESK : आईपीएल 2026 का रोमांच अब अपने निर्णायक मोड़ की ओर बढ़ रहा है। इसी कड़ी में आज जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस के बीच अहम मुकाबला खेला जाएगा। मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 7 बजे होगा। दोनों टीमों के लिए यह मुकाबला प्लेऑफ की रेस में काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अंक तालिका की बात करें तो रियान पराग की कप्तानी वाली राजस्थान रॉयल्स फिलहाल चौथे स्थान पर मौजूद है। टीम ने अब तक 10 मैचों में 6 जीत और 4 हार के साथ 12 अंक जुटाए हैं। वहीं शुभमन गिल की अगुवाई वाली गुजरात टाइटंस भी 12 अंकों के साथ पांचवें पायदान पर है। हालांकि नेट रनरेट के आधार पर गुजरात की टीम राजस्थान से नीचे है।
हेड-टू-हेड
अगर दोनों टीमों के हेड-टू-हेड रिकॉर्ड पर नजर डालें तो आंकड़े गुजरात टाइटंस के पक्ष में दिखाई देते हैं। आईपीएल इतिहास में दोनों टीमों के बीच अब तक 9 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें गुजरात ने 6 मैच जीते हैं, जबकि राजस्थान को 3 मुकाबलों में जीत मिली है। पिछले पांच मैचों में भी गुजरात का पलड़ा थोड़ा भारी रहा है।
पिच और मौसम का मिजाज
अब बात करते हैं आज की पिच रिपोर्ट की। जयपुर का सवाई मानसिंह स्टेडियम इस सीजन बल्लेबाजों के लिए काफी मददगार साबित हुआ है। यहां खेले गए मुकाबलों में 200 से ज्यादा रन बनने के बावजूद लक्ष्य का बचाव करना मुश्किल रहा है। खास बात यह है कि आज का मुकाबला पिच नंबर 6 पर खेला जाएगा, जिसका इस सीजन पहली बार इस्तेमाल होगा।
पिच को देखते हुए एक बार फिर हाईस्कोरिंग मुकाबले की उम्मीद की जा रही है। बल्लेबाजों को यहां अच्छा उछाल और तेज आउटफील्ड का फायदा मिल सकता है। वहीं दूसरी पारी में ओस अहम भूमिका निभा सकती है, जिससे गेंदबाजों को परेशानी हो सकती है। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद कर सकती है।
मौसम विभाग की ओर से जयपुर में भीषण गर्मी को लेकर चेतावनी भी जारी की गई है। ऐसे में खिलाड़ियों की फिटनेस और गर्म मौसम भी मैच के दौरान अहम फैक्टर साबित हो सकते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0











