दुबई में सम्मानित होंगे गयाजी के शबी आरफीन शमसी, मिलेगा ‘TIAF Education Award-2026’
21 नवंबर को दुबई में आयोजित अंतरराष्ट्रीय समारोह में शिक्षा, संस्कृति एवं सामाजिक क्षेत्र में योगदान के लिए किया जाएगा सम्मानित
गयाजी। बिहार की प्रतिष्ठित शख्सियतों में शामिल शबी आरफीन शमसी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। उन्हें संयुक्त अरब अमीरात के दुबई में 21 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय अलंकरण समारोह में ‘TIAF Education Award-2026’ प्रदान किया जाएगा। यह सम्मान शिक्षा, संस्कृति एवं सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली शख्सियतों को दिया जाता है। इस संबंध में TIAF India Associated with TIAF USA की ओर से 2 नवंबर 2026 को शबी आरफीन शमसी को औपचारिक आमंत्रण पत्र भेजा गया है। समारोह में शामिल होने के लिए फोरम की ओर से हवाई यात्रा टिकट सहित आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। उल्लेखनीय है कि इस अंतरराष्ट्रीय समारोह में दुनिया के विभिन्न देशों की प्रतिभाओं एवं प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों को उनके विशिष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया जाता है। ऐसे प्रतिष्ठित मंच पर गयाजी के शबी आरफीन शमसी का चयन होना गया और बिहार के लिए गौरव की बात है। शबी आरफीन शमसी का शिक्षा एवं सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान रहा है। वे मिर्जा गालिब कॉलेज, गया के शासी निकाय के अध्यक्ष एवं सचिव रह चुके हैं। इसके अलावा वे बोधगया मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्य तथा मगध विश्वविद्यालय, बोधगया के सीनेट सदस्य भी हैं। उन्हें बिहार सिटिजन फर्स्ट सहित कई अन्य सम्मानों से भी नवाजा जा चुका है। उनकी उपलब्धियां और विभिन्न संस्थाओं में निभाई गई जिम्मेदारियां शिक्षा, सामाजिक सरोकार एवं सार्वजनिक जीवन में उनकी सक्रिय भूमिका को दर्शाती हैं। इस अंतरराष्ट्रीय सम्मान की घोषणा के बाद गया शहर की कई प्रतिष्ठित हस्तियों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। दुबई में मिलने वाला यह सम्मान न केवल शबी आरफीन शमसी, बल्कि पूरे गयाजी और बिहार के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि साबित होगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0







