रांची सदर अस्पताल में जटिल ब्रेन ट्यूमर की सफल सर्जरी, न्यूरोसर्जरी सुविधा के विस्तार से मरीजों को मिल रहा विशेषज्ञ उपचार
रांची: रांची सदर अस्पताल में 46 वर्षीय भूषण सिंह के जटिल ब्रेन ट्यूमर की सफल सर्जरी की गई है। मरीज पिछले करीब दो वर्षों से बीमारी से परेशान थे। निजी अस्पताल में सर्जरी और इलाज पर करीब 8 लाख रुपये से अधिक खर्च का अनुमान बताया गया था। इसके बाद मरीज ने सरकारी अस्पताल का रुख किया, जहां न्यूरोसर्जन डॉ. विकास कुमार और उनकी टीम ने मस्तिष्क में मौजूद मेनिन्जियोमा ट्यूमर की जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक की।
रांची: रांची सदर अस्पताल में 46 वर्षीय भूषण सिंह के जटिल ब्रेन ट्यूमर की सफल सर्जरी की गई है। मरीज पिछले करीब दो वर्षों से बीमारी से परेशान थे। निजी अस्पताल में सर्जरी और इलाज पर करीब 8 लाख रुपये से अधिक खर्च का अनुमान बताया गया था। इसके बाद मरीज ने सरकारी अस्पताल का रुख किया, जहां न्यूरोसर्जन डॉ. विकास कुमार और उनकी टीम ने मस्तिष्क में मौजूद मेनिन्जियोमा ट्यूमर की जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक की।
ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति बेहतर बताई जा रही है और वह चिकित्सकीय निगरानी में स्वास्थ्य लाभ कर रहे हैं।
चुनौतीपूर्ण थी ब्रेन ट्यूमर की सर्जरी
चिकित्सकों के अनुसार, मरीज के मस्तिष्क में मौजूद ट्यूमर की सर्जरी काफी चुनौतीपूर्ण थी। ऑपरेशन के दौरान ट्यूमर को निकालने के साथ मस्तिष्क की महत्वपूर्ण नसों, रक्तवाहिनियों और सामान्य ऊतकों को सुरक्षित रखना जरूरी था। साथ ही रक्तस्राव और न्यूरोलॉजिकल जटिलताओं का जोखिम भी था।
डॉ. विकास कुमार के नेतृत्व में न्यूरोसर्जरी, एनेस्थीसिया और ऑपरेशन थिएटर की टीम ने समन्वय के साथ सर्जरी को सफलतापूर्वक पूरा किया।
सदर अस्पताल में बढ़ रही न्यूरोसर्जरी की सुविधा
सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. बिमलेश सिंह ने कहा कि अस्पताल में न्यूरोसर्जरी विभाग का लगातार विस्तार हो रहा है। जटिल ब्रेन और स्पाइन सर्जरी का सफल होना इस दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। अस्पताल का प्रयास है कि गंभीर मरीजों को विशेषज्ञ उपचार सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था के तहत ही उपलब्ध कराया जा सके।
रिम्स पर भी कम हो रहा मरीजों का दबाव
सिविल सर्जन डॉ. अमरेंद्र प्रसाद ने कहा कि अस्पताल में ब्रेन और स्पाइन ट्रॉमा के अलावा ब्रेन ट्यूमर जैसी गंभीर बीमारियों की सर्जरी उपलब्ध होने से मरीजों की संख्या बढ़ी है। खासकर आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को सरकारी अस्पताल में विशेषज्ञ उपचार का लाभ मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि इससे मरीजों की निजी अस्पतालों और दूसरे बड़े चिकित्सा संस्थानों पर निर्भरता कम करने में मदद मिल रही है। साथ ही रिम्स पर मरीजों के दबाव को कम करने में भी यह सुविधा सहायक साबित हो रही है।
कई जटिल न्यूरोसर्जरी की सुविधा उपलब्ध
सदर अस्पताल में न्यूरोसर्जरी सेवा के विस्तार के साथ ब्रेन और स्पाइन ट्रॉमा, ब्रेन ट्यूमर तथा सर्वाइकल और लम्बर स्पाइन से जुड़ी कई जटिल सर्जरी की जा रही हैं। इससे गंभीर मरीजों को सरकारी अस्पताल में ही विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में सुविधा मजबूत हुई है।
सर्जरी टीम की रही अहम भूमिका
सर्जरी में न्यूरोसर्जन डॉ. विकास कुमार के साथ एनेस्थीसिया टीम के डॉ. नीरज और डॉ. ज्योतिका तथा ऑपरेशन थिएटर टीम के अमित, सुरेश, नीली, संजू, नंदिनी, कंचन सहित अन्य कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0







