पितृपक्ष में सेवा के साथ स्वच्छता का संदेश, सीताकुंड में एनएसएस स्वयंसेवकों ने चलाया अभियान
गांधी जयंती पर जगजीवन महाविद्यालय के स्वयंसेवकों ने की साफ-सफाई, श्रद्धालुओं की सेवा में भी जुटे
गयाजी। विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेले के दौरान जगजीवन महाविद्यालय, गया की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के स्वयंसेवक सीताकुंड में निःस्वार्थ भाव से सेवा कार्य में जुटे हैं। श्रद्धालुओं को मार्गदर्शन देने के साथ उनकी सुविधा और व्यवस्था में स्वयंसेवक लगातार सहयोग कर रहे हैं। गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को एनएसएस इकाई की ओर से सीताकुंड परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। स्वयंसेवकों ने परिसर की साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। महाविद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य डॉ. मो. ऐयूब ने कहा कि गांधी जयंती के अवसर पर सीताकुंड में स्वच्छता अभियान चलाया गया। पितृपक्ष मेले में एनएसएस स्वयंसेवक जिस निःस्वार्थ भाव से सेवा कर रहे हैं, वह सराहनीय है। उन्होंने सभी स्वयंसेवकों को उनके समर्पण के लिए बधाई दी। एनएसएस स्वयंसेवक वैभव कुमार और कुश कुमार ने कहा कि सीताकुंड आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा करना हमारा कर्तव्य है। महात्मा गांधी के स्वच्छता संदेश को जन-जन तक पहुंचाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. अनुरानी ने कहा कि स्वयंसेवकों का समर्पण और सेवा भावना समाज के लिए प्रेरणादायक है। पितृपक्ष के दौरान सेवा कार्य के साथ स्वच्छता अभियान में उनकी सक्रिय भागीदारी सराहनीय है। अभियान में आलोक रंजन, अभिषेक कुमार, आर्यन कुमार, नीतीश कुमार, पंकज कुमार, अनुराग कुमार, पवन कुमार, उत्पल कुमार सहित अन्य एनएसएस स्वयंसेवक मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0





