सुपौल में कपड़ा व्यवसायी की इनोवा पर तीन राउंड फायरिंग, बाल-बाल बचे कारोबारी
सुपौल: जिले के भपटियाही थाना क्षेत्र में अपराधियों ने मंगलवार रात कपड़ा व्यवसायी की इनोवा कार पर तीन राउंड फायरिंग कर दी। घटना माकर गढ़िया के समीप एनएच-27 पर रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच की बताई जा रही है। फायरिंग में कपड़ा व्यवसायी महेश आनंद बाल-बाल बच गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
सुपौल: जिले के भपटियाही थाना क्षेत्र में अपराधियों ने मंगलवार रात कपड़ा व्यवसायी की इनोवा कार पर तीन राउंड फायरिंग कर दी। घटना माकर गढ़िया के समीप एनएच-27 पर रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच की बताई जा रही है। फायरिंग में कपड़ा व्यवसायी महेश आनंद बाल-बाल बच गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार करजाइन बाजार निवासी कपड़ा व्यवसायी महेश आनंद मंगलवार रात सुपौल से अपना व्यावसायिक काम खत्म कर इनोवा कार से करजाइन स्थित घर लौट रहे थे। माकर गढ़िया के पास पहुंचते ही पहले से घात लगाए अपराधियों ने उनकी कार को निशाना बनाकर लगातार तीन गोलियां चला दीं।
अचानक हुई फायरिंग से व्यवसायी घबरा गए, लेकिन उन्होंने वाहन नहीं रोका और तेजी से सिमराही बाजार पहुंचे। वहां उन्होंने राघोपुर थाना पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने उनकी सुरक्षा के लिए एक जवान को इनोवा में बैठाया और गश्ती वाहन के साथ उन्हें सुरक्षित करजाइन बाजार स्थित घर तक पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलते ही भपटियाही, राघोपुर और करजाइन थाने की पुलिस सक्रिय हो गई। करजाइन थानाध्यक्ष मनीष कुमार, राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय और भपटियाही थानाध्यक्ष जयप्रकाश चौधरी पुलिस बल के साथ व्यवसायी को लेकर घटनास्थल पर पहुंचे। देर रात तक पुलिस ने माकर गढ़िया के समीप एनएच-27 पर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की।
व्यवसायी महेश आनंद ने पुलिस को बताया कि फायरिंग इतनी अचानक हुई कि उन्हें कुछ समझने का मौका नहीं मिला। उन्होंने वाहन की रफ्तार बढ़ाकर मौके से निकलना ही उचित समझा।
भपटियाही थानाध्यक्ष जयप्रकाश चौधरी ने बताया कि व्यवसायी की कार पर तीन राउंड फायरिंग हुई है। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस फायरिंग के कारणों और अपराधियों की पहचान में जुटी है। आपसी विवाद, पुरानी रंजिश, रंगदारी और लूट के प्रयास समेत विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
वहीं, सुपौल एसपी शरथ आरस ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पुलिस तकनीकी और मानवीय स्रोतों की मदद से फायरिंग करने वाले अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0







