अंतर्राष्ट्रीय ओलम्पिक दिवस पर टीम इंडिया के सपोर्ट में जिला ओलम्पिक संघ का हस्ताक्षर अभियान

अंतर्राष्ट्रीय ओलम्पिक दिवस पर टीम इंडिया के सपोर्ट में जिला ओलम्पिक संघ का हस्ताक्षर अभियान

रांची/ धनबाद। अंतर्राष्ट्रीय ओलिंपिक दिवस के अवसर पर धनबाद जिला ओलम्पिक संघ द्वारा सप्ताह-व्यापी कार्यक्रम का प्रारम्भ हो गया। कार्यक्रम के दौरान बुधवार को सरायढेला स्थित ओजोन गैलेरिया मॉल परिसर में टोक्यो ओलम्पिक के लिए चयनित भारतीय दल के खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन हेतु हस्ताक्षर अभियान का प्रारम्भ किया गया। जिसमें खिलाड़ियों एवं खेल संघ से जुड़े अधिकारियों ने काफी उत्साहपूर्वक अपना हस्ताक्षर अंकित करते हुए चयनित खिलाड़ियों के फोटो के सामने सेल्फी ली। इस अवसर पर धनबाद जिला ओलम्पिक संघ अध्यक्ष एसएम हाशमी तथा महासचिव रंजीत केशरी के अलावा संघ के कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे। जिसमें वरीय उपाध्यक्ष ज़ुबैर आलम, उपाध्यक्ष अनुपम महाता, संयुक्त सचिव मृदुल बोस, मनोज शर्मा, जिला लोन बॉल संघ के सचिव पवन बरनवाल, खो खो संघ के सचिव तारक नाथ दास, कयाकिंग एवं कैनोइंग संघ के वसीम हाशमी, जिला रग्बी संघ के सचिव सूरज वर्मा, मुएथाइ संघ के अमित कुमार, रस्साकसी संघ के प्रियरंजन कुमार के साथ साथ कई राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी, कोच विकाश कुमार, कृष्णा शाव, विपुल मिश्रा, ममता पांडेय, जुली कुमारी, उन्नति प्रिया, मृत्युंजय कुमार, शिव कुमार महतो आदि उपस्थित थे। उपस्थित लोगों ने सामाजिक दूरी एवं मास्क का उपयोग करते हुए बारी बारी से भारतीय टीम के खिलाड़ियों के समर्थन में अपना हस्ताक्षर अंकित किया।
उपरोक्त जानकारी देते हुए जिला ओलम्पिक संघ के महासचिव रंजीत केशरी ने बताया कि यह हस्ताक्षर अभियान आगामी 30 जून तक जारी रहेगा। जिसके तहत अलग-अलग खेल संघ के खिलाड़ी स्टैन्डी पर अपना हस्ताक्षर करते हुए तस्वीर फेसबुक, इंस्टाग्राम, ट्वीटर पर प्रदर्शित करते हुए टीम इंडिया के खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करेंगे। इसके अलावा भारत में ओलंपपिक मूवमेंट के विषय पर निबंध प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागी 30 जून तक अपनी प्रविष्टियां संघ को व्हाट्सअप के माध्यम से भेजेंगे। हिंदी तथा अंग्रेजी दोनों माध्यम से आयोजित होने वाले इस निबंध प्रतियोगिता के प्रथम पांच – पांच विजेताओं को जिला ओलम्पिक संघ द्वारा पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र से सम्मानित किया जाएगा। उक्त जानकारी धनबाद जिला ओलंपिक संघ के महासचिव रंजीत केसरी ने दी।