आयकर विभाग ने किया ऑनलाइन योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित
दिनचर्या में करें योग को शामिल : राकेश मिश्रा
रांची। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सोमवार को राजधानी स्थित आयकर विभाग की ओर से ऑनलाइन योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त राकेश मिश्रा ने किया। योगाभ्यास कार्यक्रम का शुभारंभ आयकर निरीक्षक मदन मोहन सिंह द्वारा योग प्रशिक्षक गीत प्रसन्न मजूमदार के परिचय के साथ किया गया। साथ ही योगाभ्यास पर प्रकाश डालते हुए वर्तमान परिदृश्य के मद्देनजर योग की महत्ता की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त राकेश मिश्रा ने योग प्रशिक्षक गीत प्रसन्न मजूमदार व उनकी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। मौके पर उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि स्वस्थ रहने के लिए नियमित रूप से योगाभ्यास जरूरी है।
श्री मिश्रा ने कहा कि योग हमें निरोग बनाए रखने में काफी सहायक होता है। नियमित रूप से योगासन करने पर शरीर और मस्तिष्क स्वस्थ रहता है। इसलिए योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करें।
ऑनलाइन योगाभ्यास कार्यक्रम में आयकर विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों व उनके परिवार के अन्य सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में आयकर अधिकारी मनीष कुमार, नीरज रस्तोगी, एसएन कोंगारी सहित अन्य ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



admin@admin.com



