तपोवन मंदिर में मनाया गया दीपोत्सव

भारतीय संस्कृति का प्रतीक है राम मंदिर : राकेश कुमार सिंह

Jun 5, 2024 - 05:16
तपोवन मंदिर में मनाया गया दीपोत्सव

रांची। अयोध्या में भव्य राम मंदिर का भूमि पूजन और इसके निर्माण की आधारशिला रखे जाने के बाद राजधानी के निवारणपुर स्थित तपोवन मंदिर में भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में आकर्षक विद्युत सज्जा की गई। आसपास के श्रद्धालुओं ने मंदिर में दीप जलाकर खुशियां मनाई। इस अवसर पर झारखंड राज्य उपभोक्ता संरक्षण परिषद के सदस्य व शहर के जाने-माने सामाजिक कार्यकर्ता राकेश कुमार सिंह ने कहा कि राम मंदिर भारतीय सभ्यता और संस्कृति का प्रतीक है। बरसों के इंतजार के बाद अयोध्या की पावन भूमि पर मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो पाया है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण का कार्य प्रारंभ होने से हम सभी भारतवासी गौरवान्वित हैं। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म और संस्कृति के लिए आज का दिन गौरव का दिन है। भगवान श्री राम हिंदुत्व के राग,रंग और संस्कार हैं। वह मानवता के आधार स्तंभ हैं। उनका अवतार ही इस धरा पर धर्म के अवतार के रूप में हुआ। संपूर्ण मानवता के कल्याण और समाज में आदर्शवाद स्थापित करने के लिए उन्होंने अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। श्री सिंह ने कहा कि अयोध्या के कण-कण में मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम बसे हैं। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का कार्य प्रारंभ होने पर तपोवन मंदिर सहित आसपास का इलाका राममय हो गया। भगवान श्रीराम और माता सीता के जयकारे से पूरा मुहल्ला गुंजायमान होता रहा। इस अवसर पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने हर्षोल्लास व्यक्त किया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0