छात्र क्लब पर्यावरण मंच पौधारोपण के लिए लोगों को कर रहा जागरूक

मानव समुदाय के अस्तित्व के लिए पेड़ों का होना जरूरी : धर्मेंद्र सिंह

Jun 16, 2024 - 05:41
छात्र क्लब पर्यावरण मंच पौधारोपण के लिए लोगों को कर रहा जागरूक

रांची। सामाजिक संस्था छात्र क्लब पर्यावरण मंच द्वारा पौधारोपण के लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत विभिन्न क्षेत्रों में फलदार, औषधीय व छायादार पौधे लगाकर लोगों के बीच वृक्ष बचाने का संदेश प्रसारित किया जा रहा है। मंच के संरक्षक धर्मेंद्र कुमार सिंह व छात्र क्लब के अध्यक्ष शिव किशोर शर्मा सहित अन्य सदस्य पर्यावरण संरक्षण के लिए लोगों को जागरूक करने में जुटे हैं। विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण कर प्रकृति की चिंता करने का संदेश लोगों को दे रहे हैं। मौके पर संरक्षक धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि मानव समुदाय के अस्तित्व को बचाए रखने के लिए पेड़ों का होना अत्यंत आवश्यक है। वृक्ष स्वच्छ वातावरण दाता है। यह हमें ऑक्सीजन देकर प्रदूषित पर्यावरण को शुद्ध, संतुलित और प्राणदायी बनाता है।
कोरोना संक्रमण काल के दौरान पेड़-पौधों की अहमियत हम सबों ने महसूस की है। हम यह भली-भांति जानते हैं कि पेड़-पौधों के अलावा ऑक्सीजन का कोई दूसरा स्रोत नहीं है। इसलिए पौधों का संरक्षण और संवर्द्धन जरूरी है।
वहीं, छात्र क्लब के अध्यक्ष शिव किशोर शर्मा ने कोरोना संक्रमण काल के दौरान बिछड़े लोगों की स्मृति में पौधारोपण की अपील की। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति पौधारोपण का संकल्प ले और पौधों के संरक्षण और संवर्द्धन पर भी ध्यान दें।
मौके पर मौजूद पर्यावरणप्रेमी नम्रता सोनी ने कहा कि वातावरण में ऑक्सीजन की मात्रा को संतुलित करने में पौधारोपण काफी सहायक होता है। उन्होंने कहा कि प्रकृति को संजीवनी पेड़-पौधों से ही मिलती है। इसके लिए पौधारोपण अभियान और पर्यावरण संरक्षण जैसे कार्यक्रमों के प्रति लोगों को जागरूक किया जाना जरूरी है।
उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि अपने आसपास पेड़ों को कटने न दें। पेड़ लगाने व उसे बचाने के लिए समुचित सुरक्षा व्यवस्था के प्रति ध्यान दें, तभी पर्यावरण संरक्षित और मानव समुदाय सुरक्षित रह सकेगा। पौधारोपण कार्यक्रम को सफल बनाने में छात्र क्लब पर्यावरण मंच की सुनीता चौधरी, पूनम देवी, सुमित सिंह, पूनम जायसवाल सहित अन्य सदस्य महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0