तालाब बना जगजीवन कॉलेज का बास्केटबॉल स्टेडियम, आयुक्त से मंत्री तक लगाई गुहार, फिर भी जलजमाव की समस्या जस की तस
गयाजी। सरकार जहां खेलों को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कर रही है, वहीं गया जिले के मानपुर प्रखंड स्थित जगजीवन कॉलेज के बास्केटबॉल स्टेडियम की तस्वीर कुछ और ही कहानी बयां कर रही है। बारिश के बाद पूरा बास्केटबॉल मैदान पानी से लबालब हो गया है। दूर से देखने पर यह खेल मैदान किसी तालाब जैसा नजर आ रहा है। मैदान में बड़े पैमाने पर पानी जमा होने के कारण खिलाड़ियों के अभ्यास और खेल गतिविधियों पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। लंबे समय से जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश के बाद मैदान की स्थिति और खराब हो जाती है। इससे खिलाड़ियों को अभ्यास करने में परेशानी हो रही है और खेल गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। स्टेडियम परिसर में जलजमाव की स्थिति ने खेल सुविधाओं के रखरखाव और जलनिकासी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न योजनाएं चला रही है, वहीं दूसरी ओर कॉलेज का बास्केटबॉल मैदान ही पानी में डूबा नजर आ रहा है। जगजीवन कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मो. अयूब ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए उन्होंने मगध प्रमंडल के आयुक्त, जिलाधिकारी, नगर आयुक्त, विधायक और मंत्री से भी मुलाकात कर समस्या से अवगत कराया है। इसके बावजूद अब तक जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों ने कॉलेज प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों से मैदान की जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराने तथा जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान कर बास्केटबॉल स्टेडियम को जल्द खेलने योग्य बनाने की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

