बजट संतुलित, विकास की रफ्तार होगी तेज : सुबोधकांत सहाय

Mar 4, 2021 - 07:42
बजट संतुलित, विकास की रफ्तार होगी तेज : सुबोधकांत सहाय

रांची। पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने झारखंड सरकार की ओर से आज पेश किए गए आम बजट पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार ने संतुलित बजट पेश किया है। इससे राज्य में विकास की रफ्तार तेज होगी। उन्होंने कहा कि बजट में सभी वर्गों के लिए समुचित प्रावधान किया गया है। विशेष रूप से शिक्षा और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में राज्य सरकार ने फोकस कर बजट बनाया है, यह काफी सराहनीय है। श्री सहाय ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में 14.52 प्रतिशत और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में 14.16 प्रतिशत बजटीय राशि का प्रावधान कर राज्य सरकार ने विकास को गति देने का काम किया है। वहीं, स्वास्थ्य और पेयजल के क्षेत्र में, कृषि, सड़क, परिवहन आदि के क्षेत्र में भी विकास के लिए पर्याप्त राशि का प्रावधान किया जाना राज्य सरकार की सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी हेमंत सोरेन की सरकार ने जिस प्रकार आम जनता का ख्याल रखा, यह स्वागत योग्य है। उन्होंने कहा कि मनरेगा मजदूरी दर में बढ़ोतरी कर राज्य सरकार ने ऐतिहासिक कदम उठाया है। युवाओं के लिए रोजगार सृजन, किसानों के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित करने के लिए भी पर्याप्त मात्रा में बजट में राशि का प्रावधान किया जाना राज्य सरकार की दूरदर्शिता का परिचायक है। उन्होंने कहा कि कुल मिलाकर राज्य की आम जनता के लिए हेमंत सोरेन सरकार द्वारा पेश किया गया आम बजट काफी हितकारी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0