47 सीआरपीएफ ने पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को दी श्रद्धांजलि

पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर 47वीं बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की ओर से गया जी स्थित जेल कॉम्प्लेक्स परिसर में देश की आंतरिक सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए

Oct 21, 2026 - 18:56
47 सीआरपीएफ ने पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को दी श्रद्धांजलि

गयाजी । पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर 47वीं बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की ओर से गया जी स्थित जेल कॉम्प्लेक्स परिसर में देश की आंतरिक सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले पुलिस एवं अर्धसैनिक बलों के वीर शहीद जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर बटालियन के कमांडेंट अवधेश कुमार के नेतृत्व में शहीद जवानों के अदम्य साहस, वीरता, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति उनके सर्वोच्च बलिदान को याद किया गया। अधिकारियों एवं जवानों ने शहीदों के सम्मान में श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों पर चलने और देश की सुरक्षा के प्रति सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया। उल्लेखनीय है कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीनी सैनिकों के हमले का बहादुरी से मुकाबला करते हुए सीआरपीएफ के 10 जवान शहीद हो गए थे। उन्हीं वीर जवानों की शहादत की स्मृति में प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। यह दिवस देश की सुरक्षा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले पुलिसकर्मियों और अर्धसैनिक बलों के जवानों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। कार्यक्रम में द्वितीय कमान अधिकारी श्री कृष्ण कुमार सिंह, द्वितीय कमान अधिकारी श्री अनिल कुमार सिंह, उप कमांडेंट श्री पंकज कुमार सहित अन्य अधीनस्थ अधिकारियों एवं बहादुर जवानों ने शहीदों को नमन किया। सभी ने उनके अदम्य साहस, कर्तव्य के प्रति निष्ठा और राष्ट्रसेवा के जज्बे को याद करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। पुलिस स्मृति दिवस के माध्यम से देश की सुरक्षा, शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस एवं अर्धसैनिक बलों के योगदान को याद किया गया तथा शहीद जवानों के सर्वोच्च बलिदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0