54 फीट के कांवर के साथ 105 KM पैदल चलकर देवघर पहुंचे 500 कांवरिया

Aug 8, 2026 - 17:25
54 फीट के कांवर के साथ 105 KM पैदल चलकर देवघर पहुंचे 500 कांवरिया

DEOGHAR : सावन का पावन महीना शुरू होते ही बाबा बैद्यनाथ की नगरी देवघर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है. देश के अलग-अलग हिस्सों से श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए देवघर पहुंच रहे हैं. इसी क्रम में श्रद्धालुओं की एक टोली अनोखे अंदाज में भगवान भोलेनाथ की भक्ति करते हुए देवघर पहुंची.

पटना सिटी से आते हैं ये कांवरिये

पटना सिटी के मारूफगंज बाजार मोहल्ले के करीब 500 कांवरियों की टोली 54 फीट लंबे विशाल कांवर के साथ सुल्तानगंज से देवघर पहुंची. श्रद्धालुओं ने 105 किलोमीटर की दूरी तय कर बाबा बैद्यनाथ के दरबार में पहुंचकर विधि-विधान के साथ जलाभिषेक किया.

2008 से जारी है 54 फीट कांवर की परंपरा

कांवर यात्रा का नेतृत्व कर रहे पटना सिटी निवासी रोशन कुमार ने बताया कि उनकी टोली वर्ष 2008 से लगातार 54 फीट के कांवर के साथ सुल्तानगंज से देवघर तक की यात्रा करती आ रही है. इस विशाल कांवर में भगवान भोलेनाथ के साथ माता पार्वती की प्रतिमा स्थापित की जाती है. आकर्षक बनाने के लिए चांदी की छोटी-छोटी प्रतिमाएं भी लगाई जाती हैं.

उन्होंने बताया कि हर वर्ष पटना सिटी के मारूगंज बाजार के युवा एकजुट होकर इस धार्मिक यात्रा में शामिल होते हैं. कांवरिया दो दिनों में करीब 105 किलोमीटर की दूरी तय करते हैं. रास्ते में स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं का भी उन्हें सहयोग मिलता है.

देश की सुख-शांति और समृद्धि के लिए करते हैं यात्रा

कांवर यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने बताया कि यह यात्रा केवल बाबा बैद्यनाथ के प्रति अपनी श्रद्धा और भक्ति प्रकट करने के लिए नहीं, बल्कि अपने क्षेत्र और पूरे देश की सुख-शांति, समृद्धि और मंगलकामना के लिए की जाती है.

सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर निकले कांवरियों ने देवघर पहुंचने के बाद बाबा बैद्यनाथ मंदिर में प्रवेश किया. मंदिर परिसर में 'बोल बम' और 'हर-हर महादेव' के जयघोष के बीच बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक किया गया.

विशाल कांवर देखने के लिए लोगों की उमड़ी भीड़

54 फीट लंबे विशाल कांवर को देखने के लिए देवघर पहुंचने के बाद स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में भी उत्सुकता देखने को मिली. श्रद्धालुओं ने बाबा भोलेनाथ से कामना की कि अगले वर्ष भी इसी तरह भक्ति और आस्था के साथ देवघर आने का अवसर मिले. कांवर में रखे गंगाजल से बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक करने के बाद पटना सिटी के कांवरिया अपने-अपने घर के लिए रवाना हुए.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0