रांची के टीटोस मर्डरकेस का खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार, नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस

एसपी पारस राणा ने बताया कि 7 मार्च की रात करीब 8 बजकर 25 मिनट पर गैंगस्टर प्रिंस खान के गुर्गों ने रेस्टोरेंट में घुसकर स्टाफ मनीष गोप को गोली मार दी थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के अगले दिन 8 मार्च को एयरपोर्ट थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

Mar 18, 2026 - 15:58
Mar 18, 2026 - 15:59
रांची के टीटोस मर्डरकेस का खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार, नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस

RANCHI : राजधानी रांची के चर्चित टीटोस रेस्तरां मर्डरकेस का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। रांची पुलिस ने इस पूरे मामले में चार आरोपियों को दबोचा है, जो गैंगस्टर प्रिंस खान के लिए काम करते थे। गिरफ्तार आरोपियों में कुबेर उर्फ मनीष सिंह उर्फ अमन सिंह, अफजल अमन उर्फ बाबर, पप्पू भुइया और मो. शद्दाब आलम उर्फ डॉक्टर शामिल हैं। इनमें कुबेर पलामू का रहने वाला है जबकि अन्य तीन आरोपी धनबाद के निवासी बताए जा रहे हैं।

इस संबंध में सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि 7 मार्च की रात करीब 8 बजकर 25 मिनट पर गैंगस्टर प्रिंस खान के गुर्गों ने रेस्टोरेंट में घुसकर स्टाफ मनीष गोप को गोली मार दी थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के अगले दिन 8 मार्च को एयरपोर्ट थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया। टीम ने लगातार छापेमारी कर महत्वपूर्ण सुराग जुटाए।

वहीं, इनवेस्टिगेशन के दौरान 16 मार्च की सुबह सूचना मिली कि प्रिंस खान गैंग के कुछ सदस्य धनबाद के बोरागढ़-भागाबांध इलाके में एक खंडहरनुमा मकान में छिपे हैं। इसके बाद रांची और धनबाद पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी की। इस दौरान खुद को घिरता देख अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की। 

मुठभेड़ में कुबेर सिंह और विक्की डोम के पैर में गोली लगी, जबकि अफजल अमन भागने के दौरान घायल हो गया। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गश्ती गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। मौके से अवैध हथियार, कारतूस और खोखे बरामद किए गए हैं। साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई एक पल्सर बाइक और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। इस संबंध में पुटकी थाना में अलग से मामला दर्ज किया गया है।

पूछताछ के आधार पर पुलिस ने पप्पू भुइया और शद्दाब आलम को भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। जांच में यह अहम खुलासा हुआ है कि इस हत्याकांड की साजिश गैंगस्टर प्रिंस खान और सुजीत सिन्हा ने मिलकर रची थी। दोनों गिरोह मिलकर संगठित तरीके से आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। फिलहाल पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है। 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0