एक्शन में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, LNJP के इन तीन डॉक्टरों को थमाया शो-कॉज नोटिस, 7 दिन में मांगा जवाब

Jul 21, 2026 - 19:35
एक्शन में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, LNJP के इन तीन डॉक्टरों को थमाया शो-कॉज नोटिस, 7 दिन में मांगा जवाब

PATNA : बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार लगातार बिहार के अस्पतालों का औचक निरीक्षण कर रहे हैं. निरीक्षण के दौरान लापरवाही देखे जाने के बाद निशांत कुमार लगातार एक्शन भी ले रहे हैं. वहीं एक बार फिर से निशांत कुमार के औचक निरीक्षण के बाद लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल (एलएनजेपी) में बड़ी कार्रवाई की गई है. अस्पताल के तीन चिकित्सकों को अलग-अलग अनियमितताओं के आरोप में शो-कॉज नोटिस जारी किया गया है. सभी डॉक्टरों से सात दिनों के भीतर अपना जवाब देने को कहा गया है.

जानकारी के अनुसार, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने 7 जुलाई को एलएनजेपी अस्पताल का निरीक्षण किया था. निरीक्षण के दौरान अस्पताल की कार्यप्रणाली, डॉक्टरों की उपस्थिति और मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की गई थी. इसी दौरान कई अनियमितताएं सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई शुरू की.

स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी नोटिस के अनुसार, डॉ. श्याम किशोर पर आरोप है कि वे मरीजों को इलाज के लिए अपने निजी क्लिनिक भेज रहे थे. वहीं डॉ. राजकिशोर रौशन निरीक्षण के दौरान अस्पताल से अनुपस्थित पाए गए. इसके अलावा डॉ. अमरनाथ प्रसाद पर नियमित रूप से वार्ड का राउंड नहीं करने और मरीजों की समुचित निगरानी नहीं करने का आरोप लगाया गया है.

7 दिनों में देना होगा जवाब

तीनों चिकित्सकों को जारी शो-कॉज नोटिस में सात दिनों के भीतर अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया गया है. स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.

स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर सख्त सरकार 

स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार लगातार सरकारी अस्पतालों का औचक निरीक्षण कर रहे हैं. सरकार का कहना है कि मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है और सरकारी अस्पतालों में किसी भी तरह की लापरवाही, अनुपस्थिति या मरीजों को निजी क्लिनिक भेजने जैसी शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा. स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि इस तरह की कार्रवाई से सरकारी अस्पतालों में जवाबदेही बढ़ेगी और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0