धनतेरस पर रांची के बाजारों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 200 अतिरिक्त जवानों की तैनाती; ट्रैफिक प्लान भी जारी
रांची: धनतेरस के मौके पर राजधानी रांची के बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस और ट्रैफिक विभाग अलर्ट मोड में है। त्योहार के दौरान खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोगों के बाजार पहुंचने की संभावना है। ऐसे में आपराधिक तत्वों पर नजर रखने के साथ-साथ शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। अपर बाजार और मेन रोड इलाके में अतिरिक्त 200 ट्रैफिक जवानों की तैनाती की गई है।
अपर बाजार और मेन रोड में विशेष निगरानी, आधी महिला ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की होगी तैनाती; भीड़ बढ़ने पर कई रास्तों में हो सकता है बदलाव
रांची: धनतेरस के मौके पर राजधानी रांची के बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस और ट्रैफिक विभाग अलर्ट मोड में है। त्योहार के दौरान खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोगों के बाजार पहुंचने की संभावना है। ऐसे में आपराधिक तत्वों पर नजर रखने के साथ-साथ शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। अपर बाजार और मेन रोड इलाके में अतिरिक्त 200 ट्रैफिक जवानों की तैनाती की गई है।
हर साल धनतेरस पर रांची के प्रमुख बाजारों में भारी भीड़ उमड़ती है। खासकर बर्तन, सोना-चांदी और इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकानों के आसपास लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है। इसके कारण सड़कों पर जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। इस बार ऐसी स्थिति से निपटने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष रूट प्लान तैयार किया है।
चर्च रोड और अपर बाजार में ट्रैफिक डायवर्जन
ट्रैफिक व्यवस्था के तहत काली मंदिर रोड से चर्च रोड की ओर वाहनों के परिचालन पर रोक लगाने की व्यवस्था की गई है। चर्च रोड इलाके में बर्तनों की कई दुकानें होने के कारण यहां काफी भीड़ रहती है। वहीं, अपर बाजार में बर्तन और ज्वेलरी की दुकानों वाले रास्तों पर भी जरूरत के अनुसार ट्रैफिक डायवर्जन किया जाएगा।
मेन रोड में वाहनों का दबाव बढ़ने की स्थिति में रतन पीपी और कचहरी चौक के बीच के मार्ग पर भी ट्रैफिक डायवर्जन किया जा सकता है। पुलिस की ओर से लोगों से अपील की गई है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करें।
इन जगहों पर होगी पार्किंग की व्यवस्था
मेन रोड इलाके में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को सैनिक मार्केट, चर्च रोड, टैक्सी स्टैंड, जिला स्कूल और जयपाल सिंह स्टेडियम के आसपास निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़े करने की सलाह दी गई है। इससे बाजारों की मुख्य सड़कों पर वाहनों का दबाव कम करने और जाम की स्थिति से बचने में मदद मिलेगी।
महिलाओं की सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान
धनतेरस के दौरान बाजारों में खरीदारी करने आने वाली महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक पुलिस की तैनाती में 50 प्रतिशत महिला जवानों को शामिल किया गया है। पुलिस का प्रयास है कि भीड़भाड़ वाले बाजारों में महिलाओं को किसी तरह की परेशानी न हो और वे सुरक्षित माहौल में खरीदारी कर सकें।
ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने बताया कि त्योहार के दौरान यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस की ओर से लोगों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने और निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने की अपील की गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0







