बिहार के लाखों शिक्षकों को बड़ी राहत, शिक्षा विभाग ने जारी किया ट्रांसफर का शेड्यूल
Bihar Teacher Transfer News: बिहार में लंबे समय से ट्रांसफर-पोस्टिंग का इंतजार कर रहे शिक्षकों के लिए अच्छी खबर है। शिक्षा विभाग ने ट्रांसफर का शेड्यूल जारी कर दिया है। शिक्षा विभाग की तरफ से शिक्षकों के तबादले को लेकर संभावित डेट तय कर दिया गया है।
दरअसल, बिहार में लंबे समय से शिक्षक तबादले का इंतजार कर रहे थे। शिक्षा विभाग की तरफ से शुक्रवार को तबादले का शेड्यूल जारी कर दिया गया। राज्य के 6 लाख शिक्षकों में से इंटरेस्टेड शिक्षकों का ट्रांसफर 29 जुलाई से लेकर 31 अक्टूबर के बीच कर दिया जाएगा। ट्रांसफर के लिए पोर्टल 29 जुलाई को खुलेगा। तबादले के लिए शिक्षक 5 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं।
शिक्षा विभाग की तरफ से जारी शेड्यूल के मुताबिक, शिक्षकों के समायोजन/समानुपातीकरण, पारस्परिक स्थानांतरण तथा सामान्य स्थानांतरण की प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी की जाएगी। शिक्षकों के स्थानांतरण के लिए ऑनलाइन पोर्टल 29 जुलाई से खुल जाएगा। इस पर शिक्षक 5 अगस्त तक आवेदन कर सकेंगे। इस अवधि में समायोजन/समानुपातीकरण तथा पारस्परिक स्थानांतरण के लिए आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।
जारी कार्यक्रम के अनुसार पहले चरण में 7 अगस्त से 9 सितंबर तक रेशनलाइजेशन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इस अवधि में सूची का प्रकाशन, अपील और उसका निष्पादन किया जाएगा। दूसरे चरण में 10 से 14 सितंबर तक जिला, प्रमंडल और राज्य स्थापना समिति द्वारा पारस्परिक स्थानांतरण यानी म्यूचुअल ट्रांसफर की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
तीसरे और आखिरी चरण में सामान्य स्थानांतरण की प्रक्रिया संपन्न होगी। सामान्य तबादले के लिए विद्यालयवार रिक्तियों की संशोधित सूची 16 सितंबर को प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद शिक्षक 17 से 23 सितंबर तक अपनी वरीयता के अनुसार विद्यालयों का चयन कर सामान्य स्थानांतरण के लिए आवेदन कर सकेंगे।
विभाग द्वारा जारी समय-सारिणी के अनुसार सभी जिला, प्रमंडल एवं राज्य स्थापना समितियां निर्धारित अवधि में कार्यवाही पूरी करेंगी तथा प्राप्त अपीलों का भी समयबद्ध निष्पादन किया जाएगा। शिक्षा विभाग ने सभी पात्र शिक्षकों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन करने तथा विभागीय निर्देशों का पालन करने की अपील की है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि स्थानांतरण की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जाएगी।
बता दें कि शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने हाल ही में कहा था कि जुलाई महीने में ही शिक्षकों के स्थानांतरण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। राज्य कैबिनेट द्वारा बीते 24 जून को ही शिक्षकों के तबादला नीति को मंजूरी दी गई थी। अब सरकार ने करीब 6 लाख शिक्षकों को बड़ी राहत देते हुए ट्रांसफर को शेड्यूल जारी कर दिया है।
शिक्षकों का ट्रांसफर शेड्यूल:
पोर्टल पर आवेदन (समायोजन/पारस्परिक स्थानांतरण) : 29 जुलाई से 5 अगस्त
समायोजन/समानुपातीकरण प्रक्रिया : 7 अगस्त से 9 सितंबर
पारस्परिक स्थानांतरण : 10 से 14 सितंबर
संशोधित रिक्तियों का प्रकाशन : 16 सितंबर
सामान्य स्थानांतरण के लिए आवेदन : 17 से 23 सितंबर
सामान्य स्थानांतरण सूची का प्रकाशन, अपील एवं निष्पादन : 24 सितंबर से 31 अक्टूबर
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0











