शिक्षाविद एवं समाजसेवी स्व. अनीश पंकज मिश्रा की चौथी पुण्यतिथि पर दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान और आदर्शों को किया गया याद, डॉ. मनीष पंकज मिश्रा ने कहा- शिक्षा का लगाया पौधा आज विशाल वटवृक्ष बन चुका है
गयाजी। शिक्षाविद एवं समाजसेवी स्वर्गीय अनीश पंकज मिश्रा की चौथी पुण्यतिथि के अवसर पर गयाजी स्थित कालीबाड़ी आवास पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर परिजनों, शुभचिंतकों एवं विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य लोगों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया। श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने स्व. अनीश पंकज मिश्रा के जीवन, सामाजिक योगदान और शिक्षा के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वे केवल एक शिक्षाविद ही नहीं, बल्कि समाज के प्रति समर्पित संवेदनशील व्यक्तित्व थे। उन्होंने शिक्षा को सामाजिक बदलाव का सबसे सशक्त माध्यम मानते हुए विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने और समाज को शिक्षित एवं जागरूक बनाने के लिए अपना जीवन समर्पित किया। इस मौके पर डॉ. मनीष पंकज मिश्रा ने कहा कि स्व. अनीश पंकज मिश्रा भले ही आज शारीरिक रूप से हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके विचार, आदर्श और शिक्षा के प्रति समर्पण सदैव प्रेरणा देते रहेंगे। किसी महान व्यक्तित्व की पहचान उसके जीवनकाल के कार्यों के साथ-साथ उसके जाने के बाद समाज पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभाव से होती है। उन्होंने भावुक शब्दों में कहा कि अनीश पंकज मिश्रा जी ने अपने जीवनकाल में शिक्षा का जो पौधा लगाया था, वह आज विशाल वटवृक्ष का रूप ले चुका है। उनके द्वारा रोपे गए शिक्षा के बीज आज अनेक विद्यार्थियों के जीवन में ज्ञान, संस्कार और सफलता के रूप में फल-फूल रहे हैं। यही उनकी सबसे बड़ी विरासत और उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में माता कला देवी, मीना मिश्रा, स्वाती मिश्रा, प्रियंका, यश राज, अर्णब पांडेय, अनिकेत मिश्रा सहित कई शिक्षाविद एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने पुष्प अर्पित कर स्व. अनीश पंकज मिश्रा को नमन किया और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0







