फर्जी IPS बनकर पुलिस को दिया आदेश, वाहन जांच के नाम पर वसूली का आरोप; दो गिरफ्तार
औरंगाबाद: बिहार के औरंगाबाद में खुद को प्रशिक्षु IPS अधिकारी बताकर पुलिस को गुमराह करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने व्हाट्सऐप कॉल के जरिए खुद को पलामू का प्रशिक्षु IPS अधिकारी बताया और नगर थाना पुलिस को गबन के मामले में छापेमारी करने का निर्देश दे दिया। पुलिसकर्मियों ने व्हाट्सऐप की डीपी में पुलिस की वर्दी वाली तस्वीर देखकर उसकी बात पर भरोसा कर लिया।
औरंगाबाद:- बिहार के औरंगाबाद में खुद को प्रशिक्षु IPS अधिकारी बताकर पुलिस को गुमराह करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने व्हाट्सऐप कॉल के जरिए खुद को पलामू का प्रशिक्षु IPS अधिकारी बताया और नगर थाना पुलिस को गबन के मामले में छापेमारी करने का निर्देश दे दिया। पुलिसकर्मियों ने व्हाट्सऐप की डीपी में पुलिस की वर्दी वाली तस्वीर देखकर उसकी बात पर भरोसा कर लिया।
आरोपी के निर्देश पर पुलिसकर्मियों को जसोइया मोड़ के पास भेजा गया, जहां वाहनों की जांच और कुछ लोगों को हिरासत में लेने की कार्रवाई तक कराई गई। इसी दौरान मामले में पुलिस को शक हुआ।
बताया गया कि कथित फर्जी IPS ने ड्यूटी पर तैनात एक हवलदार का मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिया और उसे किसी से बातचीत करने से मना कर दिया। इसके बाद पुलिस ने संदेह के आधार पर स्कॉर्पियो का पीछा किया और अंबा चेकपोस्ट के पास वाहन को रोक लिया।
पूछताछ के दौरान चालक पिंटू कुमार के जरिए पूरे मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने पिंटू कुमार और उसके सहयोगी कुंदन कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, खुद को IPS अधिकारी बताने वाला मुख्य आरोपी विकास कुमार फरार बताया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों पर खीरा लदे पिकअप वाहन के चालक से वाहन में चोरी का माल होने की बात कहकर पैसे मांगने का भी आरोप है। पुलिस ने मामले में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो, मोबाइल फोन, फर्जी आईकार्ड और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं।
इस मामले में पुलिस ने कुल पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। फरार मुख्य आरोपी विकास कुमार की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने इससे पहले किसी अन्य जिले में भी फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर लोगों या पुलिसकर्मियों को गुमराह तो नहीं किया। पूरे मामले की जांच के बाद इस फर्जीवाड़े से जुड़े अन्य लोगों और घटनाओं का भी खुलासा होने की उम्मीद है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

