रसायन विज्ञान विभाग में 9 अक्टूबर को राष्ट्रीय सेमिनार, विज्ञान के नए आयामों पर होगा मंथन प्रयोगात्मक एवं संगणकीय विज्ञान के समन्वय पर विशेषज्ञ देंगे व्याख्यान, प्रतिभागियों के लिए विशेष व्यावहारिक प्रशिक्षण सत्र भी होगा आयोजित

बोधगया। मगध विश्वविद्यालय, बोधगया के स्नातकोत्तर रसायन विज्ञान विभाग की ओर से ‘नई पीढ़ी का विज्ञान : प्रयोग, संगणना और नवाचार’ विषय पर एक दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन 9 अक्टूबर 2026 (शुक्रवार) को किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य प्रयोगात्मक विज्ञान, संगणकीय विज्ञान और नवाचार के बीच समन्वय स्थापित करते हुए विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को विज्ञान के नवीनतम आयामों से परिचित कराना है। इस पहल की सराहना करते हुए मगध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिलीप कुमार केसरी ने कहा कि ऐसे अकादमिक आयोजन विद्यार्थियों और शोधार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, अनुसंधान की नई समझ तथा आधुनिक तकनीकों के प्रति रुचि विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सेमिनार के आयोजन के लिए स्नातकोत्तर रसायन विज्ञान विभाग की पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए कार्यक्रम की सफलता की कामना की। इस अवसर पर स्नातकोत्तर रसायन विज्ञान विभाग के सभी शिक्षक एवं विभागीय सदस्य उपस्थित रहे। विभागीय टीम ने कुलपति को सेमिनार की रूपरेखा, विभिन्न शैक्षणिक सत्रों तथा प्रतिभागियों के लिए प्रस्तावित विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम की जानकारी दी। राष्ट्रीय सेमिनार में अणु प्रतिरूपण, संगणकीय रसायन, अणु गतिशीलता, आंकड़ा विश्लेषण एवं दृश्यांकन, अणु युग्मन तथा इनके विभिन्न शोध अनुप्रयोगों पर विशेषज्ञों के व्याख्यान एवं तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम की प्रमुख विशेषता दो घंटे का विशेष व्यावहारिक प्रशिक्षण सत्र होगा। इसमें प्रतिभागियों को संगणकीय गणना, अणु प्रतिरूपण, अणु युग्मन, अणु गतिशीलता तथा आंकड़ा विश्लेषण एवं दृश्यांकन की व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी। सेमिनार के अध्यक्ष एवं स्नातकोत्तर रसायन विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. अतुल कुमार श्रीवास्तव तथा संयोजक डॉ. सुमित कुमार हैं। वहीं डॉ. पार्थ प्रतिम दास सह-संयोजक और डॉ. बिकाश मंडल आयोजन सचिव हैं। आयोजन समिति के अन्य सदस्य डॉ. शिप्रा सोलंकी एवं डॉ. रूपेश कुमार झा भी कार्यक्रम की तैयारियों में सक्रिय रूप से जुटे हैं। आयोजन समिति ने स्नातक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों, शोधार्थियों, संकाय सदस्यों, स्वतंत्र शिक्षाविदों तथा संगणकीय एवं प्रयोगात्मक विज्ञान से जुड़े शोधकर्ताओं से अधिकाधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। पंजीकरण की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। सभी पंजीकृत प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा।

Sep 12, 2026 - 17:53
रसायन विज्ञान विभाग में 9 अक्टूबर को राष्ट्रीय सेमिनार, विज्ञान के नए आयामों पर होगा मंथन प्रयोगात्मक एवं संगणकीय विज्ञान के समन्वय पर विशेषज्ञ देंगे व्याख्यान, प्रतिभागियों के लिए विशेष व्यावहारिक प्रशिक्षण सत्र भी होगा आयोजित

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0