फर्जी ट्रेडिंग ऐप पर 4.73 करोड़ का मुनाफा दिखाकर 62.49 लाख की ठगी, रकम निकालने पर मांगा 75% कमीशन

पटना: कंकड़बाग इलाके में शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का लालच देकर एक व्यक्ति से 62 लाख 49 हजार रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि जालसाजों ने फर्जी ट्रेडिंग ऐप के जरिए पीड़ित को निवेश के लिए तैयार किया और ऐप पर करोड़ों रुपये का मुनाफा दिखाकर उसका भरोसा जीता।

Oct 1, 2026 - 17:29
फर्जी ट्रेडिंग ऐप पर 4.73 करोड़ का मुनाफा दिखाकर 62.49 लाख की ठगी, रकम निकालने पर मांगा 75% कमीशन

पटना:- कंकड़बाग इलाके में शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का लालच देकर एक व्यक्ति से 62 लाख 49 हजार रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि जालसाजों ने फर्जी ट्रेडिंग ऐप के जरिए पीड़ित को निवेश के लिए तैयार किया और ऐप पर करोड़ों रुपये का मुनाफा दिखाकर उसका भरोसा जीता।

शिकायत के मुताबिक, ठगी का सिलसिला 20 जून से शुरू हुआ। पीड़ित को पहले एक वाट्सऐप ग्रुप में जोड़ा गया और फिर दूसरे ग्रुप में शामिल किया गया। यहां मीरा अय्यर और आशीष नाम के लोगों ने शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का झांसा दिया।

इसके बाद पीड़ित से एक कथित ट्रेडिंग ऐप डाउनलोड कराया गया। रजिस्ट्रेशन के दौरान आधार कार्ड, मोबाइल नंबर और बैंक खाते की जानकारी ली गई। इसके बाद पंजाब नेशनल बैंक का खाता ऐप से लिंक कराया गया।

फर्जी ऐप पर निवेश की रकम बढ़कर 4.73 करोड़ रुपये का मुनाफा दिखने लगा। इस पर भरोसा कर पीड़ित ने 4 अगस्त से 20 सितंबर के बीच कई बार रकम ट्रांसफर की। शिकायत के अनुसार, कुल 25 लेनदेन में 62.49 लाख रुपये अलग-अलग बैंक खातों में भेजे गए।

जब पीड़ित ने ऐप से रकम निकालने की कोशिश की तो आरोपितों ने कथित मुनाफे की 75 प्रतिशत राशि कमीशन के तौर पर जमा करने की मांग की। पीड़ित ने मुनाफा छोड़कर अपनी मूल रकम वापस मांगी, लेकिन आरोपितों की ओर से अतिरिक्त पैसे की मांग जारी रही।

इसके बाद पीड़ित ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अब बैंक लेनदेन, संबंधित खातों और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0