फीस में एकरूपता से लेकर नए पीजी कोर्स तक, मगध विश्वविद्यालय ने तय की नई शैक्षणिक दिशा
बोधगया। मगध विश्वविद्यालय मुख्यालय में सोमवार को कुलपति प्रो. दिलीप कुमार केशरी की अध्यक्षता में सभी अंगीभूत महाविद्यालयों के प्रधानाचार्यों की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में कुलसचिव प्रो. विनोद कुमार मंगलम्, सीसीडीसी प्रो. संजय कुमार तिवारी, वित्त पदाधिकारी इंद्र कुमार सिंह एवं छात्र कल्याण अध्यक्ष प्रो. प्रमोद कुमार चौधरी उपस्थित रहे। बैठक में विश्वविद्यालय और महाविद्यालयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा शैक्षणिक व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई। छात्र हित को ध्यान में रखते हुए सभी महाविद्यालयों में विभिन्न मदों में विद्यार्थियों से लिए जाने वाले शुल्क में एकरूपता लाने पर सहमति बनी। कुलपति ने नए शैक्षणिक सत्र में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा पठन-पाठन को सुचारू रूप से संचालित करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही विभिन्न विषयों में नए स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम शुरू करने की संभावनाओं पर भी सकारात्मक चर्चा हुई। बैठक में महाविद्यालयों की शैक्षणिक प्रगति, आधारभूत संरचना, नवाचार और जमीनी स्तर पर सामने आ रही समस्याओं की भी समीक्षा की गई। कुलपति ने प्राचार्यों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक समाधान का भरोसा दिलाया। प्राचार्यों ने विश्वविद्यालय प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसी बैठकें नियमित रूप से होने से विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालयों के बीच बेहतर संवाद और समन्वय कायम रहेगा तथा समस्याओं के त्वरित समाधान में मदद मिलेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

