पीएम मोदी की अध्यक्षता में नीति आयोग की बैठक शुरू, सीएम हेमंत सोरेन भी हुए शामिल

Jun 11, 2026 - 17:14
पीएम मोदी की अध्यक्षता में नीति आयोग की बैठक शुरू, सीएम हेमंत सोरेन भी हुए शामिल

Niti Aayog Meeting :  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में गुरुवार को नई दिल्ली में नीति आयोग की शासी परिषद (गवर्निंग काउंसिल) की 11वीं बैठक शुरू हो गई. इस महत्वपूर्ण बैठक में विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्र शासित प्रदेशों के प्रशासक और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए. 

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी बैठक में हिस्सा लेने के लिए नई दिल्ली पहुंचे और परिषद की कार्यवाही में शामिल हुए. देश के समग्र विकास और वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को हासिल करने के लिए आयोजित इस बैठक को काफी अहम माना जा रहा है.

मेट्रो रेल परियोजना की मांग उठा सकते हैं हेमंत सोरेन

बैठक को लेकर झारखंड में भी काफी उम्मीदें जताई जा रही हैं. माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समक्ष राज्य में मेट्रो रेल परियोजना शुरू करने की मांग रख सकते हैं. लंबे समय से रांची समेत अन्य प्रमुख शहरों में मेट्रो रेल सेवा की आवश्यकता महसूस की जा रही है. ऐसे में नीति आयोग की बैठक के दौरान राज्य के बुनियादी ढांचे से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाए जाने की संभावना है.

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी

बैठक शुरू होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर इसकी जानकारी साझा की. उन्होंने लिखा कि वह नीति आयोग की शासी परिषद की 11वीं बैठक की अध्यक्षता कर रहे हैं. प्रधानमंत्री ने कहा कि सहकारी संघवाद की भावना से प्रेरित होकर केंद्र और राज्य मिलकर भारत की विकास यात्रा को नई गति देने के लिए काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्यों के सामूहिक प्रयास ही ‘विकसित भारत’ के साझा संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे.

रोजगार और कौशल विकास पर भी होगी चर्चा

बैठक के दौरान देशभर में उद्यमिता को बढ़ावा देने, कौशल विकास को मजबूत बनाने और टिकाऊ रोजगार के अवसर पैदा करने के उपायों पर भी विचार किया जाएगा. केंद्र और राज्यों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर युवाओं के लिए अधिक रोजगार सृजित करने की रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0