रांची में SIR की समीक्षा: 6.44 लाख नोटिस जारी, 82.67% मामलों का निष्पादन; लापरवाही पर ERO-AERO को शो-कॉज

रांची: झारखंड में विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण (SIR)-2026 की प्रक्रिया को तेज करने और मतदाता सूची में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए रांची जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने गुरुवार को समीक्षा बैठक कर सभी सात विधानसभा क्षेत्रों में चल रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने तार्किक विसंगति (Logical Discrepancy) और नो मैपिंग (No Mapping) से जुड़े लंबित मामलों का जल्द निष्पादन करने का निर्देश दिया।

Nov 6, 2026 - 10:04

बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ERO) और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (AERO) का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं पाया गया, उन्हें शो-कॉज जारी करने के साथ आरोप पत्र गठित कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

रांची में 6.44 लाख नोटिस जनरेट

जिला प्रशासन की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, रांची जिले के सभी सात विधानसभा क्षेत्रों में SIR-2026 के तहत कुल 6,44,071 नोटिस जनरेट किए गए हैं। इनमें 4,35,270 नोटिस तार्किक विसंगतियों और 2,08,801 नोटिस नो मैपिंग से संबंधित हैं।

तार्किक विसंगति से जुड़े 2,52,949 मामलों का निष्पादन किया गया है, जो 58.11 प्रतिशत है। वहीं, नो मैपिंग के 66,160 मामलों का निष्पादन हुआ है। इस श्रेणी में निष्पादन की दर 31.69 प्रतिशत दर्ज की गई है।

जिले में कुल 19,79,987 मतदाताओं में से 16,36,949 मामलों का निष्पादन किया जा चुका है। इस तरह रांची जिले में कुल निष्पादन की प्रगति 82.67 प्रतिशत है।

हटिया और रांची विधानसभा में निष्पादन की रफ्तार पर नजर

विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों के अनुसार सिल्ली में कुल निष्पादन 91.02 प्रतिशत दर्ज किया गया है, जो जिले के सात विधानसभा क्षेत्रों में सबसे अधिक है। वहीं, तमाड़ में 85.79 प्रतिशत, मांडर में 87.47 प्रतिशत और खिजरी में 87.88 प्रतिशत निष्पादन हुआ है।

कांके में 79.50 प्रतिशत, रांची विधानसभा क्षेत्र में 77.30 प्रतिशत और हटिया में 74.77 प्रतिशत मामलों का निष्पादन दर्ज किया गया है। हटिया और रांची विधानसभा क्षेत्रों में लंबित मामलों को लेकर विशेष तेजी लाने की जरूरत है।

लिटरेसी क्लब की गतिविधियों की भी होगी मॉनिटरिंग

समीक्षा बैठक में निर्वाचन साक्षरता को बढ़ावा देने के लिए संचालित इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (Electoral Literacy Club) की गतिविधियों पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने विद्यालयों और महाविद्यालयों में मतदाता जागरूकता से जुड़ी गतिविधियों को नियमित रूप से संचालित कराने और उनकी मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए युवाओं और नए मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। इसके लिए निर्वाचन साक्षरता से जुड़े कार्यक्रमों को प्रभावी तरीके से चलाया जाना चाहिए।

बैठक में सभी ERO, AERO और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर लंबित मामलों का गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

जन शिकायत के लिए संपर्क करें: रांची जिला प्रशासन का आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर – 9430328080 (अबुआ साथी)।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0