झारखण्ड में सियासी टकराव तेज, पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने बीजेपी MLA सत्येंद्र नाथ तिवारी पर किया केस, बढ़ा विवाद

मिथिलेश ठाकुर ने स्पष्ट कहा कि राजनीति में वैचारिक मतभेद स्वाभाविक हैं लेकिन किसी भी नेता को इस तरह की अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।

Apr 25, 2026 - 17:17
झारखण्ड में सियासी टकराव तेज, पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने बीजेपी MLA सत्येंद्र नाथ तिवारी पर किया केस, बढ़ा विवाद

NEWS DESK : झारखंड के गढ़वा जिले में सियासी हलचल एक बार फिर तेज हो गई है। सूबे के पूर्व मंत्री और झामुमो के केंद्रीय महासचिव मिथिलेश ठाकुर ने भाजपा विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। इस कदम के बाद स्थानीय राजनीति में बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है।

विधायक पर गंभीर आरोप

पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने गढ़वा शहर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी ने सार्वजनिक मंच से उनके खिलाफ अपमानजनक और अमर्यादित टिप्पणी की है। उनके अनुसार विधायक ने उन्हें “डकैती करने वाला”, “जमीन लूटने वाला” और “कमीशन खाने वाला” जैसे शब्दों से संबोधित किया। साथ ही0 उनके पैतृक गांव और पिता को लेकर भी आपत्तिजनक बातें कही गईं।

प्रेस वार्ता के दौरान दिया गया बयान

आवेदन में बताया गया है कि यह घटना 22 अप्रैल 2026 की है, जब विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी गढ़वा में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। आरोप है कि इसी प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने जानबूझकर पूर्व मंत्री की छवि खराब करने के उद्देश्य से ऐसे बयान दिए। मिथिलेश ठाकुर का कहना है कि यह केवल राजनीतिक बयानबाजी नहीं, बल्कि उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की साजिश है।

पुलिस को सौंपा गया वीडियो फुटेज

शिकायत के समर्थन में पूर्व मंत्री की ओर से पुलिस को वीडियो फुटेज भी सौंपा गया है। इस वीडियो में कथित तौर पर विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी विवादित बयान देते हुए नजर आ रहे हैं। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मिथिलेश ठाकुर ने स्पष्ट कहा कि राजनीति में वैचारिक मतभेद स्वाभाविक हैं लेकिन किसी भी नेता को इस तरह की अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनकी छवि को जानबूझकर धूमिल करने का प्रयास किया गया है, जिसे वह किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेंगे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0