अंतर-छात्रावास खेल प्रतियोगिता में न्यू छात्रावास-01 की टीम बनी विजेता
बोधगया। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर राजभवन एवं बिहार सरकार के निर्देशानुसार मगध विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों के बीच खेल भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तीन दिवसीय अंतर-छात्रावास खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। 28 से 30 अगस्त तक आयोजित प्रतियोगिता का समापन सोमवार को हुआ।
प्रतियोगिता के तहत विभिन्न विभागों एवं छात्रावासों की टीमों के बीच वॉलीबॉल प्रतियोगिता कराई गई। खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। तीन मैचों की श्रृंखला में न्यू छात्रावास संख्या-01 की टीम ने लगातार दो मैचों में शानदार जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल और फाइनल में जगह बनाई तथा अंततः विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
प्रतियोगिता में कैलाश कुमार, सनोज मांझी, कमलेश कुमार, मनीष कुमार, प्रकाश कुमार, सोनू कुमार, बंटी कुमार, विशाल कुमार, अशोक कुमार, मानस एवं रवि सहित अन्य खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों के शानदार तालमेल, खेल कौशल और खेल भावना ने प्रतियोगिता को रोमांचक बना दिया।
इस अवसर पर मगध विश्वविद्यालय के कुलपति ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन जीने का महत्वपूर्ण साधन है। खेलों में भाग लेने से विद्यार्थियों का शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास होता है तथा व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास का अवसर मिलता है। उन्होंने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया।
कुलसचिव डॉ. बी.के. मंगलम् ने कहा कि खेल भावना से अच्छे चरित्र का निर्माण होता है। खेल के दौरान मतभेद हो सकते हैं, लेकिन मनभेद नहीं होना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से खेल को अनुशासन, आपसी सहयोग और सकारात्मक सोच का माध्यम बनाने की अपील की।
प्रतियोगिता का आयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के समन्वयक डॉ. पिंटू कुमार एवं छात्रावास अधीक्षक डॉ. राकेश कुमार रंजन के मार्गदर्शन में किया गया। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, सहयोग एवं टीम भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम है।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण पदाधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार चौधरी ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर तीनों छात्रावासों के अधीक्षक, विश्वविद्यालय के पदाधिकारी एवं कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं दर्शक उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित यह प्रतियोगिता मगध विश्वविद्यालय में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने तथा विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुई।