पाकिस्तान पर अफगानिस्तान का पलटवार, पाक के सैन्य ठिकाने को बनाया निशाना
पाकिस्तान की इस कार्रवाई के कुछ ही घंटे बाद अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने जवाबी हमला किया। सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक तालिबान ने पाकिस्तान के कोहट फोर्ट को ड्रोन हमलों से निशाना बनाया।
NEWS DESK : पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव तेजी से बढ़ता नजर आ रहा है। दोनों देशों के बीच हालिया घटनाओं के बाद हालात टकराव की ओर बढ़ते दिख रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के कई इलाकों में एयर स्ट्राइक की, जिसमें कम से कम चार लोगों की मौत हो गई। पाकिस्तान का कहना है कि इन हमलों में आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाया गया।
बताया जा रहा है कि पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों ने कंधार एयरपोर्ट, पक्तिया प्रांत के सैन्य ठिकानों और राजधानी काबुल के कुछ इलाकों पर हवाई हमले किए। पाकिस्तान का दावा है कि यहां तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) और अफगान तालिबान से जुड़े ठिकाने मौजूद थे।
पाकिस्तान की इस कार्रवाई के कुछ ही घंटे बाद अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने जवाबी हमला किया। सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक तालिबान ने पाकिस्तान के कोहट फोर्ट को ड्रोन हमलों से निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि यह सैन्य किला पाकिस्तान के लिए बेहद अहम केंद्र है। यहीं से आसपास के कई इलाकों में सैन्य ऑपरेशन और रसद पहुंचाई जाती है।
रिपोर्ट के अनुसार ड्रोन हमलों में किले के अंदर मौजूद सैन्य आवास, हथियार और गोला-बारूद के भंडार को निशाना बनाया गया। इसके अलावा किले के कमांड सेंटर और कमांडर के दफ्तर पर भी हमला किया गया। सूत्रों ने यह भी दावा किया है कि पेशावर में कुछ पुलिस केंद्रों को भी ड्रोन हमलों का निशाना बनाया गया। हालांकि, इन हमलों में कितने लोग घायल हुए या मारे गए, इसकी अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल दोनों देशों की सरकारों की ओर से इस पूरे घटनाक्रम पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन क्षेत्र में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0











