BREAKING : पटना के मनेर में बवाल, मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप, कई राउंड फायरिंग से दहशत, इलाके में तनाव
इस घटना से पूरे गांव में दहशत फैल गई है और लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों में छिपने या इधर-उधर भागने को मजबूर हो गए है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करीब आधे घंटे तक चले इस बवाल में दोनों तरफ से ईंट-पत्थर बरसाए गए।
PATNA : पटना के मनेर थाना क्षेत्र का छितनावा गांव उसवक्त रणक्षेत्र में तब्दील हो गया, जब गुरुवार को एक मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। शुरुआत बच्चों के बीच हुए झगड़े से हुई लेकिन देखते ही देखते मामला दो गुटों के बीच बड़े टकराव में बदल गया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर जमकर पथराव किया और कई राउंड फायरिंग भी हुई।
पटना के मनेर में बवाल
इस घटना से पूरे गांव में दहशत फैल गई है और लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों में छिपने या इधर-उधर भागने को मजबूर हो गए है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करीब आधे घंटे तक चले इस बवाल में दोनों तरफ से ईंट-पत्थर बरसाए गए। इस दौरान महिला और पुरुष समेत कुल 6 लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गये। कई लोगों के सिर फट गए और शरीर पर गहरी चोटें आयी हैं। फिलहाल घायलों को तुरंत नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ लोगों की हालत चिंताजनक बतायी जा रही है।
कई राउंड फायरिंग से दहशत
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची लेकिन हैरानी की बात यह रही कि उपद्रवी पुलिस की मौजूदगी में भी एक-दूसरे पर पथराव करते रहे। स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। पुलिस ने मौके से 20 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ जारी है।
इलाके में तनाव
फिलहाल गांव में स्थिति तनावपूर्ण है लेकिन शांति बनी हुई है। एहतियात के तौर पर इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। वहीं, पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान कर रही है और जल्द ही सख्त कार्रवाई की बात कही जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0











