झारखंड के मेडिकल छात्रों के लिए गुड न्यूज, रिम्स में अब 180 की जगह इतने सीटों पर होगा नामांकन
RANCHI : झारखंड में मेडिकल के क्षेत्र में करियर बनाने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी है. नेशनल मेडिकल कमिशन (एनएमसी) ने राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स), रांची में एमबीबीएस (MBBS) की सीटों को बढ़ाने की मंजूरी दे दी है.
एनएमसी द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, रिम्स में एमबीबीएस की सीटों की संख्या 180 से बढ़ाकर अब 250 कर दी गई है. इसका मतलब यह है कि राज्य के सबसे बड़े सरकारी मेडिकल कॉलेज में अब डॉक्टरों की पढ़ाई के लिए सीधे 70 सीटें बढ़ गई हैं. राहत की बात यह है कि इसी चालू शैक्षणिक सत्र से ही बढ़ी हुई सभी 250 सीटों पर विद्यार्थियों का नामांकन लिया जाएगा.
समीक्षा के बाद मिली एनएमसी की हरी झंडी
इस बड़ी उपलब्धि को हासिल करने के लिए झारखंड स्वास्थ्य विभाग की ओर से केंद्र सरकार और एनएमसी को आवश्यक प्रस्ताव के साथ-साथ सभी अनुपालन रिपोर्ट (Compliance Report) और जरूरी दस्तावेज समय पर उपलब्ध कराए गए थे. सीटों में बढ़ोतरी की अंतिम मंजूरी देने से पहले एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई थी.
इस बैठक में बढ़ी हुई सीटों की जरूरत के अनुसार रिम्स में बुनियादी ढांचे (Infrastructure), प्रोफेसरों व फैकल्टी की संख्या, छात्रों के लिए हॉस्टल्स, आधुनिक क्लासरूम और प्रयोगशालाओं (Laboratories) जैसे सभी आवश्यक संसाधनों की विस्तृत समीक्षा की गई, जिसमें रिम्स मानकों पर पूरी तरह खरा उतरा.
चिकित्सा क्षेत्र में नई क्रांति की शुरुआत : मंत्री इरफान अंसारी
रिम्स को मिली इस बड़ी कामयाबी पर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने गहरी प्रसन्नता व्यक्त की है. उन्होंने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि यह झारखंड के स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक नई क्रांति की शुरुआत है.
स्वास्थ्य मंत्री ने जोर देकर कहा कि सरकार जमीनी स्तर पर लगातार स्वास्थ्य सुविधाओं को सुधारने का काम कर रही है और आज उसी मेहनत का यह सकारात्मक परिणाम सबके सामने है. उन्होंने विश्वास दिलाया कि रिम्स सहित पूरे राज्य के स्वास्थ्य तंत्र में पूर्व में जो भी कमियां थीं, उन्हें दूर करने की दिशा में विभाग तेजी से कार्य कर रहा है और आगे भी ऐसे सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेंगे.
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0











