'जब तक बेटियां घर न पहुंचें, तब तक नहीं सोएगी पुलिस', CM सम्राट चौधरी का एलान

महिला सुरक्षा को लेकर भी मुख्यमंत्री ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि जब तक छात्राएं स्कूल या कॉलेज से सुरक्षित अपने घर नहीं पहुंचतीं, तब तक पुलिस को सतर्क रहना होगा।

May 1, 2026 - 17:26
'जब तक बेटियां घर न पहुंचें, तब तक नहीं सोएगी पुलिस', CM सम्राट चौधरी का एलान

NALANDA : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नालंदा के सरमेरा प्रखंड के प्रणावा गांव में आयोजित दो दिवसीय राजकीय मेले का उद्घाटन किया। यह मेला शरण निवास महतो बाबा के विवाह उत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित किया जाता है, जिसे वर्ष 2018 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजकीय मेले का दर्जा दिया था। 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक सुधार और कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश दिया। उन्होंने कहा कि अब आम लोगों को थाना, अंचल और प्रखंड स्तर पर अपनी समस्याओं के समाधान के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। सभी जिलों के डीएम और एसपी को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।

महिला सुरक्षा को लेकर भी मुख्यमंत्री ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि जब तक छात्राएं स्कूल या कॉलेज से सुरक्षित अपने घर नहीं पहुंचतीं, तब तक पुलिस को सतर्क रहना होगा। शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा ऐलान करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के हर ब्लॉक में मॉडल स्कूल स्थापित किए जाएंगे। उनका लक्ष्य है कि इन स्कूलों में गरीब परिवारों के बच्चों को उच्च गुणवत्ता की शिक्षा मिले। उन्होंने यह भी कहा कि जब इन स्कूलों में दाखिले के लिए प्रभावशाली लोग भी प्रयास करने लगेंगे, तब इसे असली सफलता माना जाएगा।

रोजगार के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने अपने संकल्प को दोहराते हुए कहा कि वर्ष 2025 से 2030 के बीच राज्य के 1 करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वादा हर हाल में पूरा किया जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0