मगध विवि के कुलपति का एएम कॉलेज में औचक निरीक्षण, लॉ प्राचार्य समेत कई शिक्षक-कर्मी मिले अनुपस्थित
गयाजी। मगध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिलीप कुमार केशरी ने शनिवार को ए.एम. कॉलेज का औचक निरीक्षण किया। उनके साथ विश्वविद्यालय के वित्त पदाधिकारी इंद्र कुमार सिंह भी मौजूद रहे। कुलपति के अचानक कॉलेज पहुंचने से शिक्षकों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान ए.एम. कॉलेज के प्राचार्य अपने कक्ष में उपस्थित मिले, लेकिन कई शिक्षक और शिक्षकेतर कर्मचारी ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए। कॉलेज परिसर में संचालित लॉ यूनिट में भी कई अनियमितताएं सामने आईं। लॉ यूनिट के प्राचार्य बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित मिले। कर्मचारियों ने कुलपति को बताया कि उपस्थिति पंजी प्राचार्य के कक्ष में रखी है और कक्ष में ताला लगा हुआ है। इस कारण कर्मचारी अपनी उपस्थिति भी दर्ज नहीं कर सके। प्राचार्य के आने के संबंध में भी कर्मचारियों को कोई जानकारी नहीं थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए कुलपति ने नाराजगी जताई और अनुपस्थित शिक्षकों, शिक्षकेतर कर्मचारियों तथा लॉ यूनिट के प्राचार्य से स्पष्टीकरण मांगने की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पठन-पाठन और ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों के अनुसार दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय में शैक्षणिक गुणवत्ता के साथ अनुशासन और समय-पालन पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। शिक्षकों और कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य के लिए जरूरी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0





