समस्तीपुर में महिला सिपाही की इलाज के दौरान मौत, साथी जवानों ने डॉक्टर पर लगाया लापरवाही का आरोप
समस्तीपुर:- पुलिस लाइन में तैनात महिला सिपाही मालती कुमारी की सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। 2015 बैच की मालती कुमारी को गुरुवार रात करीब 3:30 बजे पेट दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल लाया गया था। प्रारंभिक उपचार के बाद डॉक्टर ने उन्हें आईसीयू में भर्ती करने की सलाह दी।
साथी पुलिसकर्मियों का आरोप है कि आईसीयू में भर्ती किए जाने के समय वहां तत्काल कोई डॉक्टर या कर्मचारी मौजूद नहीं था। बाद में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. संतोष कुमार के पहुंचने के बाद इलाज शुरू हुआ, लेकिन कुछ ही देर में महिला सिपाही की मौत हो गई।
मौत के बाद शुक्रवार सुबह बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी सदर अस्पताल पहुंचे और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की जांच और जिम्मेदारी तय करने की मांग की। जवानों ने आईसीयू में तत्काल चिकित्सकीय सुविधा नहीं मिलने और एसी बंद होने का भी आरोप लगाया।
घटना की सूचना पर एसपी अरविंद प्रताप सिंह, प्रभारी सदर एसडीपीओ-1 दुर्गेश दीपक, मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह समेत पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने साथी जवानों से जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया।
वहीं, महिला सिपाही की मौत का वास्तविक चिकित्सकीय कारण क्या था, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और चिकित्सकीय जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। मामले में पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की जांच के बाद ही लापरवाही के आरोपों की स्थिति साफ होगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

