उपायुक्त छवि रंजन ने निजी अस्पताल संचालकों संग की बैठक

बेड की उपलब्धता, आईसीयू, वेंटीलेटर आदि की अद्यतन स्थिति की ली जानकारी

Apr 1, 2021 - 09:50
उपायुक्त छवि रंजन ने निजी अस्पताल संचालकों संग की बैठक

रांची। उपायुक्त छवि रंजन की अध्यक्षता में समाहरणालय ब्लाॅक ए स्थित उपायुक्त सभागार में रांची के सभी निजी अस्पताल संचालकों के साथ बैठक आयोजित की गयी। बैठक के दौरान डीसी ने कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए निजी अस्पतालों को व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी निजी अस्पतालों से बारी-बारी बेड की उपलब्धता, आईसीयू, वेंटीलेटर आदि की जानकारी ली। निजी अस्पतालों के संचालकों और प्रतिनिधियों से उन्होंने कहा कि कोरोना फिर से पांव पसार रहा है, इस बार पिछले साल की व्यवस्था से बेहतर करने का प्रयास करें। उन्होंने सभी निजी अस्पताल के संचालकों, प्रतिनिधियों को अस्पताल में एडमिट होनेवाले और डिस्चार्ज होनेवाले कोविड-19 मरीजों का डेटा फैसिलिटी ऐप में अपडेट करने का निर्देश दिया गया।
बैठक के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, रांची सदर समीरा एस ने कहा कि सभी निजी अस्पताल कोविड मरीजों के इलाज के लिए तय दर ही चार्ज करें। साथ ही उन्होंने ठीक होनेवाले मरीजों का नाम, पता, मोबाइल नंबर और उम्र का भी ब्यौरा रखने का निर्देश दिया, ताकि प्लाज्मा की आवश्यकता होने पर संबंधित ठीक हुए मरीज से संपर्क किया जा सके। उपविकास आयुक्त अनन्य मित्तल ने कहा कि सभी निजी अस्पताल मरीजों की इलाज के तय किये गये दर का पालन करें। स्वास्थ्य विभाग द्वारा इसकी माॅनिटरिंग की जा रही है।
बैठक के दौरान डीसी ने कहा कि किसी भी मरीज का इलाज ससमय शुरु करें, जांच के नाम पर किसी की जान नहीं जानी चाहिए, डाॅक्यूमेंटेशन से ज्यादा मानव जीवन का महत्व है। कोरोना से संबंधित दिशा निर्देशों का सावधानी से पालन करते हुए उपायुक्त ने मरीजों का इलाज करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि निजी अस्पताल, होटल के साथ समन्वय स्थापित कर सकते हैं। बैठक में उपविकास आयुक्त रांची अनन्य मित्तल, अनुमंडल पदाधिकारी, रांची सदर समीरा एस, अनुमंडल पदाधिकारी, बुण्डू , उत्कर्ष गुप्ता, कार्यपालक दंडाधिकारी श्वेता वेद एवं निजी अस्पतालों के संचालक और प्रतिनिधि उपस्थित थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0