समस्तीपुर में घर में लूटकांड का खुलासा, बड़ी बहू समेत दो गिरफ्तार; सास को निशाना बनाने की रची गई थी साजिश

रोसड़ा (समस्तीपुर)। शिवाजीनगर थाना क्षेत्र के अखतबारा गांव में 10 सितंबर की रात घर में अकेली 55 वर्षीय पूनम देवी के साथ मारपीट कर आभूषण और अन्य सामान लूटने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में पीड़िता की बड़ी बहू को मुख्य साजिशकर्ता बताते हुए सिसई गांव निवासी शिवम कुमार समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

Sep 22, 2026 - 09:40
समस्तीपुर में घर में लूटकांड का खुलासा, बड़ी बहू समेत दो गिरफ्तार; सास को निशाना बनाने की रची गई थी साजिश

रोसड़ा (समस्तीपुर):- शिवाजीनगर थाना क्षेत्र के अखतबारा गांव में 10 सितंबर की रात घर में अकेली 55 वर्षीय पूनम देवी के साथ मारपीट कर आभूषण और अन्य सामान लूटने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में पीड़िता की बड़ी बहू को मुख्य साजिशकर्ता बताते हुए सिसई गांव निवासी शिवम कुमार समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

रोसड़ा डीएसपी संजय कुमार सिन्हा ने शिवाजीनगर थाना परिसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घटना के बाद पूनम देवी के लिखित आवेदन पर अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर जांच करते हुए पुलिस आरोपितों तक पहुंची।

पुलिस के मुताबिक, 10 सितंबर की रात करीब 10 बजे पूनम देवी घर में अकेली टीवी देख रही थीं। इसी दौरान दो नकाबपोश बदमाश पीछे स्थित गाछी के रास्ते घर में घुसे और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर पीवीसी पाइप से भी मारपीट करने का आरोप है। बदमाशों ने महिला के पहने हुए आभूषण छीने और चाबी लेकर आलमारी से सामान निकाल लिया। इसके बाद दोनों छत की ओर गए और पीछे के रास्ते से फरार हो गए।

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार शिवम कुमार ने कथित तौर पर घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए पीड़िता की बड़ी बहू को मुख्य साजिशकर्ता बताया है। पुलिस के अनुसार, सास-बहू के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के बाद बड़ी बहू द्वारा कथित रूप से अपनी सास के खिलाफ साजिश रचे जाने की बात सामने आई है।

जांच में पुलिस को फरवरी में भी कथित रूप से पूनम देवी को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जानकारी मिली है। पुलिस के अनुसार, शिवम को कथित तौर पर केमिकल लगे मिठाई के जरिए पूनम देवी को नुकसान पहुंचाने की योजना बताई गई थी। हालांकि, संदेह होने पर शिवम ने मिठाई रास्ते में ही फेंक दी। पुलिस इस मामले से जुड़े तथ्यों की भी जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, लूटपाट के बाद पूनम देवी की गला दबाकर हत्या करने की कथित योजना भी बनाई गई थी। घटना के दौरान साक्ष्य मिटाने के लिए ग्लव्स पहनने की योजना होने की बात भी पूछताछ में सामने आई है। हालांकि, ग्लव्स उपलब्ध नहीं हो सके।

पुलिस ने बरामद किए कई सामान:

  • सोने जैसा दिखने वाला एक जोड़ा कान का टॉप

  • चांदी जैसी एक जोड़ी पायल

  • पीड़िता का नोकिया कीपैड मोबाइल

  • घटना में प्रयुक्त ओप्पो और वीवो मोबाइल

  • आरोपित द्वारा पहनी गई शर्ट

  • नकाब के लिए इस्तेमाल गमछा

  • मारपीट में प्रयुक्त पीवीसी पाइप का टुकड़ा

  • धमकी भरी पांच पन्नों की पर्ची

पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल के पास से बरामद पांच पन्नों की पर्ची में मुकदमा नहीं उठाने पर पूनम देवी, उनके बेटे और पोता-पोती को जान से मारने की धमकी दी गई थी। पुलिस ने इसे जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य माना है।

पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल फरार आरोपितों की गिरफ्तारी और शेष लूटे गए सामान की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0