जनाकांक्षाओं के अनुरूप कार्य कर रहे नीतीश कुमार : अशोक सिंह

Jun 5, 2024 - 05:16
जनाकांक्षाओं के अनुरूप कार्य कर रहे नीतीश कुमार : अशोक सिंह

बख्तियारपुर/पटना। भाजपा के वरिष्ठ नेता अशोक कुमार सिंह ने कहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिहार की जनता की आकांक्षाओं के अनुरूप बेहतर कार्य कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में सरकार नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराने के प्रति सक्रियता से जुटी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रयासों का ही प्रतिफल है कि बिहार में घर-घर बिजली, पानी और गांव-गांव तक गुणवत्तायुक्त सड़क की सुविधा उपलब्ध हो रही है। शहरों के अलावा ग्रामीण इलाकों में भी बेहतर सड़कों व पुल -पुलिया का निर्माण कार्य जारी है। इससे बिहार की तस्वीर बदल रही है। श्री सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जनता से जो वादे किए, उसके अनुरूप योजनाओं को धरातल पर उतारने में जुटे हैं। एनडीए के शासनकाल में बिहार में कानून का राज कायम करने में भी सफलता मिली है। राज्य में शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि विगत 15 वर्षों के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार का कायाकल्प किया है। उनकी कथनी और करनी एक है। वह जो घोषणाएं करते हैं, उसे धरातल पर उतारने में कोई कोर-कसर बाकी नहीं रखते। श्री सिंह ने कहा कि बिहार में सड़कों का निर्माण, सड़कों का चौड़ीकरण, विभिन्न इलाकों में पुल-पुलिया के निर्माण के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों को शहरों से जोड़ने के लिए एप्रोच रोड का निर्माण लगातार हो रहा है। सड़कों की उच्च गुणवत्ता के साथ निर्माण और उसका निरंतर देखरेख करने के प्रति भी सरकार गंभीर है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार राज्य के किसानों की दशा और दिशा सुधारने के प्रति भी कृतसंकल्पित हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क की सुविधा उपलब्ध होने से किसानों को अब बाजारों तक अनाज पहुंचाने में सहूलियत हो रही है। उन्हें फसलों का उचित दाम मिल रहा है। इससे किसानों की आय में भी वृद्धि हुई है। ग्रामीण क्षेत्रों में बदहाल सड़कों की स्थिति में सुधार होने के बाद किसानों को अपने उत्पाद शहरों तक पहुंचाने में आसानी हो रही है। सूबे में निर्बाध बिजली की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके, इसके लिए भी नीतीश कुमार ने ऊर्जा विभाग को दिशा निर्देशित किया है। श्री सिंह ने कहा कि सात निश्चय के संकल्प के साथ बिहार के विकास पुरुष और सुशासन बाबू राज्य के सर्वांगीण विकास के सपने को साकार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में पर्यावरण संरक्षण के लिए शुरू की गई महत्वाकांक्षी परियोजना जल, जीवन, हरियाली अभियान मील का पत्थर साबित हो रहा है। श्री सिंह ने कहा कि बिहार के सर्वांगीण विकास के प्रति समर्पित मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति बिहार की जनता की विश्वसनीयता बढ़ी है। बिहार की तकदीर और तस्वीर बदलने में नीतीश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। माना जा रहा है कि विकास कार्यों के आधार पर आगामी चुनाव में एक बार फिर बिहार की जनता उन्हें सेवा का अवसर अवश्य प्रदान करेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0