बिहार विश्वविद्यालय अधिनियम-2026 के विरोध में ए.एम. कॉलेज के शिक्षक-कर्मचारी आंदोलनरत, काला बिल्ला लगाकर किया विरोध

गयाजी । बिहार सरकार द्वारा प्रस्तावित बिहार विश्वविद्यालय अधिनियम-2026 के विरोध में राज्यव्यापी संयुक्त आंदोलन के तहत गुरुवार को अनुग्रह मेमोरियल कॉलेज, गया के शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने काला बिल्ला लगाकर विरोध दर्ज कराया। सभी ने अपने नियमित शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों का निर्वहन करने के बाद प्रशासनिक भवन के समक्ष एकत्र होकर प्रस्तावित विधेयक के विरोध में नारेबाजी की। वक्ताओं ने कहा कि प्रस्तावित अधिनियम विश्वविद्यालयों की स्वायत्तता, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा उच्च शिक्षा की गरिमा के प्रतिकूल है। उन्होंने सरकार से इसे तत्काल वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्तिगत हित के लिए नहीं, बल्कि विश्वविद्यालयों की स्वायत्तता, शैक्षणिक स्वतंत्रता और उच्च शिक्षा की गुणवत्ता की रक्षा के उद्देश्य से किया जा रहा है। राज्यव्यापी आंदोलन के तहत 5 से 8 अगस्त तक शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी काला बिल्ला लगाकर विरोध जताएंगे। इसके बाद 10 अगस्त को सामूहिक अवकाश रखकर विश्वविद्यालय मुख्यालय पर आयोजित धरना-प्रदर्शन में भाग लेंगे। वहीं 11 से 25 अगस्त तक प्रतिदिन दोपहर 1:30 बजे से 2:00 बजे तक महाविद्यालय परिसर में विरोध सभा, नारेबाजी एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर सभी शिक्षक एवं कर्मचारियों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि विश्वविद्यालयों की स्वायत्तता, शैक्षणिक स्वतंत्रता एवं उच्च शिक्षा के हितों की रक्षा के लिए उनका संयुक्त संघर्ष आगे भी जारी रहेगा और आंदोलन के सभी आगामी चरणों में सक्रिय भागीदारी निभाई जाएगी।

Aug 6, 2026 - 17:46
बिहार विश्वविद्यालय अधिनियम-2026 के विरोध में ए.एम. कॉलेज के शिक्षक-कर्मचारी आंदोलनरत, काला बिल्ला लगाकर किया विरोध

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0