बिहार में IAS अधिकारियों का बड़ा फेरबदल, हटाए गये सीके अनिल, जय सिंह को मिला राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग का प्रभार, अधिसूचना जारी
PATNA : बिहार के प्रशासनिक गलियारे से बड़ी खबर सामने आ रही है कि 1991 बैच के IAS अफसर सीके अनिल को राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग से हटा दिया गया है। अब उन्हें बिहार राज्य योजना परिषद में परामर्शी नियुक्त किया गया है।
बिहार में IAS अधिकारियों का बड़ा फेरबदल
वहीं, 2007 बैच के आईएएस और राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव जय सिंह को राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग का पूरा प्रभार सौंपा गया है। साथ ही कई अन्य आईएएस अधिकारियों का भी तबादला किया गया है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने अधिसूचना जारी कर दी है।
जय सिंह को मिला राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग का प्रभार
गौरतलब है कि वित्त विभाग में सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी जय सिंह संभाल रहे हैं। अब फिलहाल दोनों विभाग की जिम्मेदारियां वो संभालेंगे। कुछ दिन पहले ही राज्यपाल के प्रधान सचिव रॉबर्ट एल चोंग्थू सहित कई आईएएस अफसरों का ट्रांसफर हुआ था। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव गोपाल मीणा, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के सचिव मो. सोहैल और शैलेंद्र कुमार का तबादला किया गया है।
सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के बाद नई व्यवस्था के तहत राज्यपाल के प्रधान सचिव रॉबर्ट एल चोंग्थू को अल्पसंख्यक कल्याण विभाग का प्रधान सचिव बनाया गया। वहीं, गोपाल मीणा को राज्यपाल का सचिव नियुक्त किया गया।
डॉ. चंद्रशेखर सिंह को सूचना एवं जनसंपर्क विभाग का सचिव नियुक्त किया गया। अभी चंद्रशेखर सिंह मुख्यमंत्री सचिवालय और आपदा प्रबंधन विभाग में सचिव के साथ-साथ बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के अध्यक्ष भी हैं। वहीं, मो. सोहैल को सामान्य प्रशासन विभाग का सचिव और शैलेंद्र कुमार को लखीसराय का डीएम बनाया गया। नई सरकार के गठन के बाद बिहार से 2 IAS अफसरों को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर दिल्ली भेजा गया है। राज्य सरकार ने अनुपम कुमार और बंदना प्रेयषी को इसके लिए औपचारिक रूप से रिलीव कर दिया है।
इससे पहले बिहार कैडर के 2003 बैच के आईएएस अधिकारी अनुपम कुमार को केंद्र सरकार के ऊर्जा मंत्रालय में संयुक्त सचिव के पद पर नियुक्त किया गया। वहीं, बंदना प्रेयषी को रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय में संयुक्त सचिव (उर्वरक) बनाया गया। सामान्य प्रशासन विभाग ने दोनों अधिकारियों को रिलीव करने की अधिसूचना पिछले दिनों जारी की थी।
विदित है कि बंदना प्रेयषी एक तेज-तर्रार आईएएस अधिकारी के रूप में जानी जाती हैं। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से एमफिल की पढ़ाई की है और अपने करियर की शुरुआत में भोजपुर और बाढ़ में एसडीओ रहीं। इसके बाद वे सीवान, भागलपुर और गया की जिलाधिकारी भी रह चुकी हैं। उन्होंने बिहार सरकार के कई विभागों में अहम जिम्मेदारियां निभाई हैं। बंदना प्रेयषी इससे पहले भी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर रह चुकी हैं। वर्ष 2014 से 2019 के बीच उन्होंने केंद्र सरकार में विभिन्न पदों पर काम किया था।
वहीं, अनुपम कुमार बिहार सरकार में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सचिव के रूप में कार्यरत थे जबकि बंदना प्रेयषी समाज कल्याण विभाग की सचिव थीं। रिपोर्ट्स के अनुसार, दोनों अधिकारी 1 मई से अपने नए पद का कार्यभार संभालेंगे। इनकी जगह मुख्यमंत्री सचिवालय में सचिव चंद्रशेखर सिंह को सूचना एवं जनसंपर्क विभाग और समाज कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इसके अलावा उन्हें संसदीय कार्य विभाग के सचिव और बिहार विकास मिशन के निदेशक की जिम्मेदारी भी दी गई है।
अनुपम कुमार को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी अधिकारियों में माना जाता है। वे मुजफ्फरपुर, नालंदा समेत कई जिलों में जिलाधिकारी रह चुके हैं और लंबे समय तक मुख्यमंत्री सचिवालय में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा, 2002 बैच की आईएएस अधिकारी प्रतिमा सतीश कुमार को भी हाल ही में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर दिल्ली भेजा गया है। उन्हें जनजातीय कार्य मंत्रालय में संयुक्त सचिव स्तर की जिम्मेदारी सौंपी गई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0











