JPSC-JSSC में कथित गड़बड़ी पर बीजेपी युवा मोर्चा का हेमंत से सवाल, पूछा : CBI जांच से क्यों भाग रही सरकार
GIRIDIH : जेपीएससी और जेएसएससी में कथित तौर पर हुई गड़बड़ी को लेकर भाजपा द्वारा राज्य सरकार पर लगातार हमला बोला जा रहा है. भारतीय जनता युवा मोर्चा के बैनर तले लगातार प्रदर्शन हो रहा है. शनिवार को भी भारतीय जनता युवा मोर्चा के बैनर तले आक्रोशपूर्ण जुलूस निकाला गया. पपरवाटांड दुर्गा मंडप मैदान से निकलकर जुलूस समाहरणालय के समीप पहुंचा और वक्ताओं ने अपनी बात रखी.
सीबीआई से जांच करवानी चाहिए: प्रदेश मंत्री
इस दौरान भाजयुमो प्रदेश मंत्री संजीव कुमार ने कहा कि जेपीएससी-जेएसएससी भर्ती प्रक्रिया को लेकर सामने आए गंभीर आरोपों और जांच में हुए खुलासों ने झारखंड के लाखों युवाओं का विश्वास तोड़ दिया है. जब भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्षता पर ही प्रश्नचिह्न लग गया है, तब युवाओं के हित में जेपीएससी की संबंधित परीक्षा को तत्काल रद्द कर नई, पारदर्शी एवं निष्पक्ष परीक्षा आयोजित की जानी चाहिए.
उन्होंने कहा कि इस पूरे प्रकरण की नैतिक एवं प्रशासनिक जिम्मेदारी राज्य सरकार की बनती है. मुख्यमंत्री को इसकी जवाबदेही स्वीकार करते हुए अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए. साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि राज्य के युवाओं का विश्वास बहाल हो सके. उन्होंने कहा कि मामले की जांच सीबीआई से करवाना चाहिए.
हेमंत सरकार सिर्फ वाहवाही बटोरने में लगी है: भाजपा
भाजपा नेता सुनील पासवान ने कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार अभी तक एक भी बहाली को सही तरीके से करवा नहीं सकी है. जब रघुवर दास की सरकार थी तो उस वक्त ली गई परीक्षा के परिणाम का रिजल्ट बांट कर हेमंत सरकार खुद की पीठ थप-थपा रही है. भाजपा नेता दिनेश यादव ने कहा कि नीट मामले में केंद्र सरकार ने छात्रों की मांग का सम्मान किया. राज्य सरकार को भी छात्रों की मांग का सम्मान करना चाहिए.
जिला मंत्री सुरेश प्रसाद मंडल ने कहा कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि झारखंड के लाखों मेहनती युवाओं के भविष्य की रक्षा के लिए है. जिन अभ्यर्थियों ने वर्षों की मेहनत और संघर्ष के बाद परीक्षाएं दी हैं, उन्हें निष्पक्ष अवसर मिलना उनका अधिकार है. भाजपा सभी छात्र के साथ खड़ी है और पारदर्शी, निष्पक्ष एवं भ्रष्टाचारमुक्त भर्ती प्रणाली सुनिश्चित होने तक अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी. इस दौरान संदीप डंगाइच, दीपक यादव समेत कई कार्यकर्त्ता मौजूद थे.
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0











