रजौली में दिनदहाड़े ई-रिक्शा चालक का अपहरण, 80 लाख की फिरौती मांगने से मचा हड़कंप
रजौली: नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह दिनदहाड़े ई-रिक्शा चालक के अपहरण से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना सिमरकोल मोड़ के पास करीब 11:30 बजे की बताई जा रही है। अपहृत चालक की पहचान अमावां गांव निवासी 50 वर्षीय पप्पू राय के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, पप्पू राय ई-रिक्शा में सात यात्रियों को लेकर रजौली बाजार से अमावां जा रहे थे। इसी दौरान चढ़ाव के पास सामने से आई एक काली कार ने ई-रिक्शा को रोक लिया। कार से उतरे तीन बदमाशों ने पप्पू राय को उनके पिता धर्मदेव राय और अन्य यात्रियों के सामने कथित तौर पर जबरन खींचकर कार में बैठा लिया। इसके बाद बदमाश प्राणचक मोड़ की ओर फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और अपहृत चालक की तलाश शुरू कर दी। परिजनों के मुताबिक, अपहरण के बाद बदमाशों ने फोन कर 80 लाख रुपये की फिरौती मांगी। रकम नहीं देने पर पप्पू राय को जान से मारने की धमकी दिए जाने का भी आरोप है।
परिवार के अनुसार, पप्पू राय के बेटे निखिल कुमार पटना में एक रियल एस्टेट कंपनी में काम करते हैं। परिजनों ने बताया कि कुछ समय पहले परिवार ने मकान बनवाया था और वाहन भी खरीदा था। पुलिस इस पहलू समेत अपहरण के अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है।
रजौली एसडीपीओ सह आईपीएस केतन अशोक इंगोले के निर्देश पर पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से बदमाशों का सुराग तलाश रही है। वहीं, थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर रणजीत कुमार ने बताया कि निखिल कुमार के लिखित आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

