झारखंड में तेज होगी गर्मी की मार, केंद्र सरकार ने जारी की एडवाइजरी, मौसम विभाग का भी अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने चेतावनी दी है कि झारखंड में गर्मी की तीव्रता और बढ़ सकती है, जिससे लू चलने की आशंका बनी हुई है।

Apr 25, 2026 - 17:27
Apr 25, 2026 - 17:29
झारखंड में तेज होगी गर्मी की मार, केंद्र सरकार ने जारी की एडवाइजरी, मौसम विभाग का भी अलर्ट

RANCHI : झारखंड में लगातार बढ़ती गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए केंद्र सरकार ने व्यापक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। बदलते जलवायु परिदृश्य और तापमान में हो रही तेज वृद्धि को ध्यान में रखते हुए राज्य को स्वास्थ्य सेवाओं को पूरी तरह तैयार रखने और आपातकालीन व्यवस्थाओं को मजबूत करने का निर्देश दिया गया है।

सरकार ने खास तौर पर गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और छोटे बच्चों को अत्यधिक सावधानी बरतने की सलाह दी है। इसके साथ ही हृदय रोग, उच्च रक्तचाप और मधुमेह से पीड़ित लोगों को भी गर्मी के दौरान सतर्क रहने के लिए कहा गया है।

स्वास्थ्य तंत्र को अलर्ट रहने के निर्देश

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत सभी स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे जारी गाइडलाइन का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें और आम लोगों के बीच जागरूकता बढ़ाएं। डिहाइड्रेशन से बचाव के लिए सभी जिलों में सामाजिक संगठनों के सहयोग से ओआरएस काउंटर स्थापित करने की सलाह दी गई है।

अस्पतालों में हीट स्ट्रोक से निपटने के लिए विशेष इंतजाम करने को कहा गया है, जिसमें रेस्ट कॉर्नर, पर्याप्त दवाएं, एम्बुलेंस सुविधा और शरीर को ठंडा रखने के संसाधन शामिल हैं। इसके लिए एक विस्तृत प्रोटोकॉल भी तैयार किया गया है, जिसमें क्या करें और क्या न करें की स्पष्ट जानकारी दी गई है।

अस्पतालों में बनेगी विशेष यूनिट

भीषण गर्मी के दौरान आपात स्थिति से निपटने के लिए 108 एम्बुलेंस सेवा और डायल 104 हेल्थ हेल्पलाइन को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही हीट स्ट्रोक मॉनिटरिंग के लिए रिपोर्टिंग सिस्टम विकसित किया जाएगा। जिला अस्पतालों में इमरजेंसी हीट स्ट्रोक यूनिट और अन्य अस्पतालों में हेल्प डेस्क स्थापित किए जाएंगे।

मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने चेतावनी दी है कि झारखंड में गर्मी की तीव्रता और बढ़ सकती है, जिससे लू चलने की आशंका बनी हुई है। विभाग ने जोखिम वाले क्षेत्रों की पहचान कर संवेदनशील आबादी के लिए विशेष सुरक्षा उपाय करने की आवश्यकता बताई है।

राज्य के सभी विभागों को निर्देश दिया गया है कि वे आपसी समन्वय के साथ काम करें और स्थानीय संस्थाओं व गैर-सरकारी संगठनों के साथ मिलकर लू से बचाव की ठोस रणनीति तैयार करें। साथ ही मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लेते हुए समय रहते आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया गया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0